ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जंग का असर अब सीधे-सीधे भारत पर पड़ता नजर आ रहा है। सुबह-सुबह भारतीयों को बड़ा झटका लगा है क्योंकि पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ गए हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपये की बढ़ोतरी हो गई है। मिडिल-ईस्ट जंग की शुरुआत के बाद से यह पहली बार है जब भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ है।
पेट्रोल और डीजल के नए दाम शुक्रवार, 15 मई 2026 से लागू हो गए हैं। दिल्ली में अब पेट्रोल 3 रुपये महंगा होकर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कोलकाता में यह 108.74 रुपये (3.29 रुपये महंगा), मुंबई में 106.68 रुपये (3.14 रुपये महंगा) और चेन्नई में 103.67 रुपये (2.83 रुपये) प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। डीजल की कीमतों में भी करीब 2.80 रुपये से लेकर 3.30 रुपये तक का इजाफा देखा गया है। दिल्ली में अब डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर मिलेगा, जबकि कोलकाता में इसके दाम 95.13 रुपये, मुंबई में 93.14 रुपये और चेन्नई में 95.25 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं।
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से फ्यूल बचाने की अपील की थी। उन्होंने वर्क फ्रॉम होम करने और निजी वाहनों के कम इस्तेमाल पर जोर दिया था। तभी से ऐसे संकेत मिल रहे थे कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। अब यह बढ़ोतरी हो चुकी है। तेल की कीमतों में यह उछाल वैश्विक राजनीतिक परिस्थितियों का सीधा नतीजा है और इससे भारत की अर्थव्यवस्था पर भी दबाव बढ़ सकता है।
बता दें कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर लगी पाबंदियों की वजह से कच्चे तेल के आयात-निर्यात पर भारी असर हुआ है। ऐसे में जगह-जगह तेल की किल्लत होने के संकेत हैं। इसी के मद्देनजर सरकार लगातार तेल का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल न करने की सलाह दे रही है। अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में कीमतों में और बढ़ोतरी होती है या फिर सरकार कोई राहत देती है।