यूपी की राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में शादी का झांसा देकर युवती के साथ शोषण करने और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने अपना नाम और पहचान छिपाकर दोस्ती की, फिर धर्म परिवर्तन कर शादी का दबाव डाला। विरोध करने पर मारपीट की और धमकी दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के मुताबिक, उसकी मुलाकात नौबस्ता कला के रहने वाले एक युवक से हुई थी, जिसने अपना नाम राजू बताया था। शुरुआती बातचीत धीरे-धीरे नजदीकी में बदल गई। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए। कुछ समय बाद उसे पता चला कि आरोपी का असली नाम आमिर है। इसके बाद युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी, लेकिन इसके बाद मामला और ज्यादा गंभीर हो गया।
आरोप है कि युवक ने उसके कुछ प्राइवेट वीडियो और फोटो रिकॉर्ड कर लिए थे। उन्हीं वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार दबाव बना रहा था। पीड़िता के मुताबिक, उसने कई बार इनकार किया, लेकिन इसके बावजूद धमकियां जारी रहीं। युवती का कहना है कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और वह धर्म परिवर्तन कर शादी का दबाव बना रहा था। 10 मई की रात आरोपी ने उसे घर बुलाकर 25 हजार रुपये देने पर वीडियो डिलीट करने की बात कही।
पीड़िता का कहना है कि पैसे देने के बावजूद आरोपी ने वीडियो डिलीट नहीं किए और उसके साथ मारपीट कर घर से भगा दिया। शोर सुनकर आरोपी के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़िता ने इस मामले को लेकर तकरोही चौकी पहुंचकर शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने का आरोप लगाया। चिनहट थाना प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।