मुंबई के मुशीर खान ने रणजी ट्रॉफी में अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से गदर काट दिया है। सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर ने हरियाणा के खिलाफ पहले शतक लगाया और फिर गेंदबाजी में 6 विकेट झटक लिए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने मुंबई क्रिकेट में 1990-91 के बाद एक खास उपलब्धि हासिल की है।
मुशीर मुंबई के लिए एक ही रणजी मैच में शतक लगाने और पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने यह कारनामा रवि शास्त्री के बाद किया। शास्त्री ने 1990-91 में ऐसा प्रदर्शन किया था। 21 साल के मुशीर ने बुधवार को मुंबई में खेले जा रहे मुकाबले में अपनी छाप छोड़ी।
गेंद से भी चमके मुशीर
मुंबई ने पहली पारी में 430 रन बनाए थे। इसके जवाब में हरियाणा की टीम 107.5 ओवर में 270 रन पर सिमट गई। मुशीर ने 85 रन देकर 6 विकेट लिए और हरियाणा के शुरुआती पांच विकेट अपने नाम किए। हालांकि, निशांत सिंधु ने 105 रन की नाबाद पारी खेलकर संघर्ष किया।
मुंबई को पहली पारी के आधार पर 160 रन की बढ़त मिली। इसके बाद उसने हरियाणा को फॉलोऑन दिया। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक हरियाणा ने दूसरी पारी में 21 ओवर में 2 विकेट पर 73 रन बना लिए थे। टीम अभी भी 87 रन पीछे है और उसके आठ विकेट बाकी हैं।
मुशीर ने दूसरी पारी में भी एक विकेट लिया है। हरियाणा के कप्तान अंकित कुमार को तनुष कोटियन ने आउट किया, जबकि सलामी बल्लेबाज हिमांशु राणा सिल्वेस्टर डी’सूजा की गेंद हेलमेट पर लगने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए। मुशीर की गेंद पर धीरू सिंह का शानदार कैच डी’सूजा ने बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर पकड़ा।
सिंधु का संघर्ष
निशांत सिंधु ने पहली पारी में 251 गेंदों पर नाबाद 105 रन बनाए। उनकी पारी में आठ चौके और एक छक्का शामिल रहा। वह 333 मिनट तक क्रीज पर टिके रहे और दूसरी पारी में भी दिन का खेल खत्म होने तक 22 रन बनाकर नाबाद थे। यशवर्धन दलाल 13 रन पर नाबाद थे।
पिच की चुनौती पर क्या बोले?
मुशीर ने दिन का खेल खत्म होने के बाद कहा कि पिच काफी धीमी हो गई है। मुंबई के स्पिनर उन जगहों पर गेंद डालने की कोशिश कर रहे हैं, जहां गेंद को ज्यादा उछाल और टर्न मिल रहा है।
वहीं, निशांत सिंधु ने कहा कि लाहली में घरेलू क्रिकेट खेलते हुए उन्हें टर्न लेने वाली पिचों पर बल्लेबाजी का अनुभव मिला है। सिंधु ने कहा कि टीम की जरूरत के मुताबिक लंबे समय तक बल्लेबाजी करना जरूरी था, क्योंकि पिच पूरी तरह सपाट नहीं थी और आगे हालात और मुश्किल हो सकते हैं।
अन्य रणजी मैचों के नतीजे
तमिलनाडु ने रेलवे को 5 विकेट से हराया — रेलवे की दूसरी पारी 108 रन पर खत्म हुई। आर साई किशोर ने 39 रन देकर 4 विकेट, जे हेमचुदेशन ने 21 रन देकर 3 विकेट लिए। 128 रन के लक्ष्य को तमिलनाडु ने 5 विकेट पर 130 रन बनाकर हासिल किया। आंद्रे सिद्धार्थ ने नाबाद 56 रन बनाए।
चंडीगढ़ ने हिमाचल के खिलाफ पहली पारी 685/5 पर घोषित की — जवाब में हिमाचल ने 3 विकेट पर 340 रन बनाए। इन्नेश महाजन ने 121 रन बनाए।
राजस्थान ने उत्तराखंड के खिलाफ दूसरी पारी 290/5 पर घोषित की — राजस्थान ने पहली पारी में 272 रन बनाए थे। करण लांबा ने नाबाद 100 रन बनाए। उत्तराखंड को जीत के लिए 331 रन की जरूरत है।