मुंबई | स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) के अवसर पर देशभक्ति दिखाने के नाम पर दो युवतियों ने मुंबई की वेस्टर्न रेलवे की चलती लोकल ट्रेन (Local Train) में जानलेवा स्टंट (Stunt) कर एक रील (Reel) बनाई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। वीडियो में दोनों तिरंगे रंग की साड़ी पहने, ट्रेन के गेट पर लटकती और खतरनाक अंदाज में वीडियो बनवाती नजर आ रही हैं। इस वीडियो ने रेलवे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों लड़कियां चलती ट्रेन के दरवाजे पर खड़ी हैं और बाहर की ओर निकलकर खतरनाक तरीके से वीडियो शूट करवा रही हैं। इस दौरान पृष्ठभूमि में ‘आई लव माय इंडिया’ गाना बज रहा है। वीडियो को 15 अगस्त के देशभक्ति वाले अंदाज में बनाया गया है, लेकिन इस दौरान अपनाया गया तरीका अत्यंत लापरवाह और जानलेवा है।
Must Read: Retail Inflation: जुलाई में 4.45% पर पहुंची महंगाई, RBI के टारगेट से ऊपर, प्याज-लहसुन हुए महंगे
लोगों ने क्या कहा?
सोशल मीडिया पर यात्रियों और अन्य उपयोगकर्ताओं ने इस हरकत पर भारी गुस्सा जाहिर किया है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में सुरक्षा से समझौता नहीं करना चाहिए। रेलवे के सुरक्षा नियमों का पालन करना सबसे जरूरी है, क्योंकि चलती ट्रेन के गेट पर इस तरह की हरकत गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। फिलहाल, रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस तरह की लापरवाही पर संभावित कार्रवाई की जा सकती है।