समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जिसने उनके चुनाव लड़ने की अटकलों को और दिलचस्प बना दिया है। मंगलवार को वाराणसी में उनसे जब पूछा गया कि क्या वह आगामी विधानसभा चुनाव में यहां से मैदान में उतरेंगे, तो उन्होंने सीधे हां या ना में जवाब देने के बजाय अपने मुख्यमंत्री बनने के पुराने राजनीतिक सफर का हवाला दिया।
‘हम CM तभी बनते हैं जब चुनाव नहीं लड़ते’
अखिलेश यादव ने कहा—
“हम मुख्यमंत्री तभी बनते हैं जब चुनाव नहीं लड़ते हैं, इसलिए शुभ काम करेंगे।”
उन्होंने काशी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह भी कहा कि उन्हें शुभ और खराब समय का ज्ञान है। उनके इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव में उनकी भूमिका और चुनाव लड़ने के फैसले से जोड़कर देखा जा रहा है।
क्यों अहम है यह बयान?
अखिलेश का यह जवाब इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि जब वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे तो विधान परिषद के सदस्य थे। 2012 में जब समाजवादी पार्टी सत्ता में आई थी, तब अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उस समय वह लोकसभा सांसद थे।
बाद में उन्होंने कन्नौज लोकसभा सीट छोड़कर विधान परिषद का रास्ता चुना था। यानी मुख्यमंत्री बनने के लिए उन्होंने सीधे विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा था। अखिलेश यादव 2012 से 2018 तक उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य रहे थे।
2027 में किस सीट से उतरेंगे?
अखिलेश यादव के वाराणसी दौरे के दौरान उनके चुनाव लड़ने को लेकर सवाल इसलिए भी अहम हो गया है क्योंकि 2027 का विधानसभा चुनाव अब ज्यादा दूर नहीं है। समाजवादी पार्टी इस चुनाव में बीजेपी को चुनौती देने की तैयारी कर रही है।
वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है और पूर्वांचल की राजनीति में इसकी अहम भूमिका है। अखिलेश ने अपने बयान में किसी सीट का नाम नहीं लिया और न ही यह साफ किया कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे या नहीं।
अयोध्या पर पहले भी हुई थी चर्चा
बता दें कि इससे पहले अक्टूबर में अखिलेश यादव अयोध्या पहुंचे थे। उन्होंने सीएम योगी को सीधी चुनौती देते हुए कहा था कि बड़े-बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री अगर इतने ही आश्वस्त हैं तो उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाना चाहिए।
अखिलेश के चैलेंज पर सीएम योगी ने जवाब देते हुए कहा था—
“अयोध्या हमारा पावन धाम है, मैं इसलिए जाता हूं कि जिससे अयोध्या के विकास में कोई कोताही न हो, उत्तर प्रदेश की पहचान पर कोई कलंक न लगे।”
सीएम योगी ने तब कहा था कि जो अयोध्या गंदगी का अंबार बन गई थी, आज वह अयोध्या रामराज्य का उदाहरण बनकर त्रेतायुग का स्मरण करवा रही है। अखिलेश को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि वे उनको ऑफर करते हैं—आप भी अयोध्या से नामांकन करिए, मैं भी करता हूं, चलिए एक बार किस्मत आजमा लिया जाए।
उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष फरवरी-मार्च में चुनाव हो सकते हैं।
अन्य मुद्दों पर अखिलेश का बयान
राजभर के बयान पर: यूपी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर के सबसे बड़ा गुंडा होने के बयान पर अखिलेश यादव ने कहा कि सबसे बड़े माफिया जो अपने आप को कह रहे हैं, वह अपने कैबिनेट में बैठे हुए माफियाओं को डराना चाहते हैं।
बीजेपी की सीटों पर: अखिलेश ने कहा कि अभी बीजेपी के 100 विधायकों की सीट छिन जाएंगी, लेकिन 200 सीट जाएगी। जिसमें पहले मंत्रियों की जाएंगी।
MLC चुनाव नतीजों पर: एमएलसी चुनाव के नतीजे से गदगद और खासकर बनारस की दोनों एमएलसी सीट हासिल कर लेने के पीछे कारण बताते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पाल समाज को लाठी मारने वाले का हिसाब हुआ है। मणिकर्णिका घाट पर ध्वस्तीकरण को लेकर पाल समाज हमारे साथ रहा। मणिकर्णिका घाट को तोड़ने की सजा मिली है।