कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए विवादित बयान पर हंगामा खड़ा हो गया है। खड़गे को लेकर अमित शाह, नितिन नवीन समेत बीजेपी के कई दिग्गज खुलकर मैदान में आ गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ये तक दावा कर दिया है कि कांग्रेस के पास अब सिर्फ गाली-गलौज की राजनीति बची है।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस अध्यक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने पटना में पीएम मोदी के परिवार और उनके दिवंगत पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी कर शालीनता की सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं।
‘पहली बार नहीं हुआ ऐसा’
केंद्रीय गृह मंत्री ने आगे कहा कि ये पहली बार नहीं है जब कांग्रेस पार्टी ने पीएम मोदी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। इससे पहले कभी उनकी माताजी के विषय में आपत्तिजनक बातें कहीं गईं, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा गया, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का मजाक उड़ाया गया।
‘सिर्फ गाली-गलौज की राजनीति बची’
गृह मंत्री ने राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की नई सीमाएं पार कर रही है। उन्होंने लिखा—
“बीते 12 सालों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा और निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है।”
उन्होंने दावा किया कि जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है। जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।
नितिन नवीन ने भी लिया आड़े हाथ
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी खड़गे के बयान पर आग बबूला हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दिखाता है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध की भी एक तय गरिमा और मर्यादा होती है, लेकिन दिवंगत परिजनों को भाषणों में घसीटना अब समूचे विपक्ष का असली संस्कार बन चुका है। ये खड़गे का अकेला बयान नहीं, बल्कि पूरी पार्टी की शिष्टाचार-विहीन सोच का सबूत है।
धर्मेंद्र प्रधान ने की निंदा
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी निंदा करते हुए कहा कि पीएम मोदी के प्रति कांग्रेस की नफरत जगजाहिर है। प्रधानमंत्री पद की गरिमा और सार्वजनिक शालीनता को बनाए रखने वाले सर्वोच्च पद पर बैठे व्यक्ति के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि नीतियों और विचारों के आधार पर मुकाबला करने में असमर्थ कांग्रेस अब केवल व्यक्तिगत अपमान का रास्ता चुन रही है। जनता पीएम मोदी के साथ मजबूती से खड़ी है और कांग्रेस की ऐसी कुंठाओं का करारा जवाब देगी।
गिरिराज सिंह का तंज
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अपने आकाओं की चाटुकारिता और राजनीतिक चापलूसी में कांग्रेस नेता इस हद तक गिर चुके हैं कि अब देश के लोकप्रिय और चुने हुए प्रधानमंत्री के पिता पर ओछी टिप्पणियां करने पर उतर आए हैं।
गिरिराज सिंह ने कहा कि जब वैचारिक रूप से मुद्दों और नीतियों पर बहस करने का सामर्थ्य पूरी तरह खत्म हो जाता है, तब गहरी हताशा में ऐसी घटिया भाषा जुबान पर आती है।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पटना दौरे पर हैं। इस दौरान वो डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। खड़गे के संबोधन के दौरान एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कहा कि पीएम मोदी सत्ता से कहीं नहीं जाएंगे।
शख्स के इसी बयान पर खड़गे ने प्रधानमंत्री के पिता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसे लेकर ही अब विवाद शुरू हो गया है। फिलहाल कांग्रेस की ओर से इस मामले में कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।