अमेरिका और ईरान के बीच जंग अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है और इसी बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में भी तनाव बरकरार है। होर्मुज में तीन तेल टैंकरों में भीषण विस्फोट हो गया है। ईरान का दावा है कि ये टैंकर अवैध रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे थे।
होर्मुज से इन जहाजों का वीडियो भी सामने आया है। इसमें तेल टैंकर वाले जहाजों से काले धुएं का गुबार उठता नजर आ रहा है।
IRGC का बयान
IRGC की आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘सिपाह न्यूज’ पर एक दोपहर 2 बजे जारी एक बयान में कहा गया कि दो टैंकरों ने होर्मुज पार करने के लिए अपने सभी नेविगेशन और आइडेंटिफिकेशन सिस्टम को पूरी तरह बंद कर दिया था।
इनमें से एक जहाज समुद्री बारूदी सुरंग की चपेट में आने से फट गया। वहीं, दूसरा टैंकर अमरीका के आक्रामक लड़ाकू विमानों के समर्थन से अवैध रास्ते को चोरी-छिपे पार करने की कोशिश कर रहा था, जो धमाके के बाद आग की लपटों में घिर गया।
तीसरा टैंकर भी बारूदी सुरंग से टकराया
इसके बाद रात करीब 8:30 बजे जारी एक बयान में ईरानी नौसेना ने बताया कि मंगलवार दोपहर एक तीसरा टैंकर भी अवैध रास्ते से गुजरते समय समुद्री सुरंग से टकराकर धमाके का शिकार हो गया।
IRGC की सख्त चेतावनी
इन धमाकों के बाद IRGC ने चेतावनी दी कि होर्मुज में ‘अनाधिकृत’ मार्ग बेहद असुरक्षित हैं। IRGC ने कहा कि ‘आतंकवादी’ अमरीकी सेना के सहयोग से स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश करने वाले सभी जहाजों का यही अंजाम होगा।
बता दें कि 28 फरवरी को अमरीका और इजरायल के ईरान पर किए गए संयुक्त हमलों के बाद ईरान ने होर्मुज पर अपनी पकड़ बेहद सख्त कर ली थी। इसके बाद से ईरान ने इजरायल और अमरीका से जुड़े जहाजों के सुरक्षित आवागमन पर पूरी तरह से रोक लगा रखी है।
मुख्य बिंदु एक नजर में
| विवरण | जानकारी |
|---|---|
| स्थान | स्ट्रेट ऑफ होर्मुज |
| घटना | तीन तेल टैंकरों में विस्फोट |
| आरोप | अवैध रास्ते से गुजरना, नेविगेशन सिस्टम बंद |
| कारण | बारूदी सुरंग से टकराव |
| चेतावनी | IRGC ने अमेरिकी समर्थन वाले जहाजों को दी |
| पृष्ठभूमि | 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल हमले के बाद तनाव |