नई दिल्ली | दुनिया की सबसे पॉपुलर फिल्म फ्रैंचाइज़ी में से एक हैरी पॉटर अपनी पहली फिल्म की 25वीं वर्षगांठ पर भारतीय दर्शकों को एक बार फिर सिनेमाघरों में लुभाने के लिए तैयार है। जे.के. राउलिंग की काल्पनिक दुनिया पर बनी इस सीरीज़ ने दुनिया भर में कमाल की कमाई की है। अब खबर है कि ‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन’ को इस साल भारत में फिर से रिलीज़ किया जाएगा, जो फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी है।
25 साल बाद सिनेमाघरों में वापसी
‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन’ पहली बार 4 नवंबर 2001 को रिलीज़ हुई थी। IMdb और बॉम्बे टाइम्स की रिपोर्ट्स के अनुसार, अपनी 25वीं वर्षगांठ मनाने के लिए फिल्म को भारत में फिर से सिनेमाघरों में रिलीज़ किया जाएगा। हालांकि, री-रिलीज़ की सटीक तारीख की अभी तक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इस खबर ने हैरी पॉटर के फैंस में उत्साह पैदा कर दिया है।
581 अरब रुपये की कमाई
हैरी पॉटर की आठ फिल्मों ने दुनिया भर में 7.7 अरब डॉलर (लगभग 581 अरब रुपये) से अधिक की कमाई की है। सीरीज़ का आखिरी और सबसे कमाई करने वाला भाग ‘हैरी पॉटर एंड द डेथली हैलोज़ – पार्ट 2’ अकेले 381.01 मिलियन डॉलर का ग्रॉस कलेक्शन कर चुका है। यह सीरीज़ न केवल बच्चों बल्कि बड़ों की भी पसंदीदा रही है और आज भी इसके डायहार्ड फैंस मौजूद हैं।
क्या है ‘हैरी पॉटर’ की कहानी?
जे.के. राउलिंग द्वारा लिखी गई किताबों पर आधारित यह फिल्म सीरीज़ एक अनाथ लड़के हैरी पॉटर (डैनियल रैडक्लिफ) की कहानी है, जिसे पता चलता है कि वह एक जादूगर है। उसे हॉगवर्ट्स स्कूल ऑफ विचक्राफ्ट एंड विजार्ड्री में प्रवेश मिलता है, जहाँ उसकी दोस्ती हर्माइनी ग्रेंजर (एम्मा वॉटसन) और रॉन वीज़्ली (रूपर्ट ग्रिंट) से होती है। साथ में, वे जादुई दुनिया के रहस्यों को सुलझाते हैं और दुष्ट जादूगर लॉर्ड वोल्डेमॉर्ट के खिलाफ लड़ाई लड़ते हैं। फिल्मों की सफलता ने इन तीनों कलाकारों को दुनिया भर में पहचान दिलाई। फिलहाल, सभी आठ पार्ट्स अमेज़न प्राइम वीडियो पर उपलब्ध हैं, लेकिन बड़ी स्क्रीन पर इस जादुई सफर को एक बार फिर से जीने का मौका फैंस के लिए बेहद खास होगा।