स्टैंडअप कॉमेडियन हर्ष गुजराल इन दिनों सफलता के सातवें आसमान पर हैं। ‘खतरों के खिलाड़ी’ में अपनी कॉमेडी का जलवा बिखेरने के बाद से उनकी फैन फॉलोइंग और पॉपुलैरिटी कई गुना बढ़ गई है। आज उनके पास प्रोजेक्ट्स की लाइन लगी हुई है। कई इवेंट्स में उन्हें गेस्ट के तौर पर बुलाया जा रहा है। अब हर्ष गुजराल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संग एक ही मंच पर नजर आए।
हर्ष के जोक्स पर योगी का रिएक्शन वायरल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हर्ष गुजराल के एक इवेंट के वीडियोज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। हर्ष के जोक्स सुनकर योगी आदित्यनाथ भी हंसने पर मजबूर हो गए।
दरअसल, हर्ष ने योगी आदित्यनाथ के सामने लखनऊ का एक वाकया सुनाया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि कभी यूपी क्राइम की वजह से जाना-जाता था। क्राइम की वजह से लोग उत्तर प्रदेश के नाम से ही घबराते थे, लेकिन अब राज्य में सुरक्षा का माहौल ऐसा हो गया है कि बदमाश भी सुधर गए हैं।
‘अंग्रेज भी हमसे थोड़ा घबराते हैं’
सीएम योगी आदित्यनाथ के सामने हर्ष गुजराल बोले—
“उत्तर प्रदेश की तरक्की वहां से पता चलती है, जब हम विदेश में शो करने जाते हैं तो अंग्रेज भी हमसे थोड़ा-थोड़ा घबराते हैं। उसके दो ही कारण हैं—एक तो यूपी के लोग और दूसरे यूपी के योग (योगी आदित्यनाथ)।”
केले विक्रेता का किस्सा सुनाया
हर्ष ने फिर लखनऊ के एक ठेले वाले से जुड़े मजेदार किस्से को सुनाकर सीएम योगी आदित्यनाथ को भी हंसा दिया। योगी सरकार के राज में बदले उत्तर प्रदेश की तारीफ करते हुए हर्ष बोले—
“ये रियल लाइफ एग्जांपल बता रहा हूं आपको। मैं लखनऊ में शो करने आया था, पिछली बार और मैं ऐसे ही टहल रहा था। मैंने एक केले बेचने वाले से पूछ लिया था—भाई यहां क्राइम का क्या सीन है? तो उसने मुझसे कहा—भाई क्राइम बिल्कुल खत्म हो चुका है। इसपर मैंने उससे पूछा था—आपको कैसे पता? तो उसने कहा—भाई, मैं खुद पहले क्रिमिनल था और अब केले बेच रहा हूं।”
योगी भी नहीं रोक पाए हंसी
हर्ष गुजराल की इस पंचलाइन ने दर्शकों को हंसने और तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हंस पड़े। उनके इस रिएक्शन ने माहौल को काफी मजेदार बना दिया। हर्ष गुजराल ने फिर योगी आदित्यनाथ के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया।
योगी आदित्यनाथ संग हर्ष गुजराल का वीडियो सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। लोग हर्ष गुजराल की कॉमिक टाइमिंग की जमकर सराहना कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह इवेंट उत्तर प्रदेश में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान का है, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। हर्ष गुजराल ने अपने सेट में यूपी की सुरक्षा और बदलते माहौल पर तंज कसते हुए कई जोक्स सुनाए, जिन पर सीएम योगी खुद हंसते नजर आए।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे खूब शेयर कर रहे हैं।