निशिन | भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर एशियन गेम्स 2026 (Asian Games 2026) में गोल्ड मेडल जीता। 3 अक्टूबर (शनिवार) को निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क (Korogi Sports Park) में आयोजित मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान के सामने 212 रनों का टारगेट सेट किया था, लेकिन वह 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी। भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है। इससे पहले उसने हांगझोउ एशियन गेम्स में यह उपलब्धि हासिल की थी। भारत के खिलाफ गोल्ड मेडल मैच में पाकिस्तान के बैटिंग ऑलराउंडर सैम अयूब (Saim Ayub) काफी सुर्खियों में रहे। अयूब ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) को आउट करने के बाद बेबी सेलिब्रेशन (Baby Celebration) किया था।
क्या कहा Ahmad Shahzad ने?
अब सैम अयूब के इस जश्न पर पाकिस्तानी क्रिकेटर अहमद शहजाद (Ahmad Shahzad) ने सवाल उठाए हैं। साथ ही अपनी टीम के प्रदर्शन पर भी निशाना साधा। शहजाद ने कहा कि पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ लगातार मुकाबले हार रही है और ऐसे में मैदान पर इस तरह के सेलिब्रेशन से ज्यादा जरूरी मुकाबले में फाइट दिखाना है। उन्होंने कहा, “ये आप लोग क्या कर रहे हो? दुनिया ने आपको बच्चा बनाया हुआ है। भारत ने बिल्कुल ही बनाया हुआ है क्रिकेट के अंदर। चौथा-पांचवां मैच आप उनसे हार गए हैं। फाइट आप शो नहीं कर रहे। एक्टिंग आपकी खत्म नहीं होती।”
‘क्या सैम अयूब ने बीच में से स्पिन कर दिया था?’
अहमद शहजाद ने सैम अयूब के सेलिब्रेशन पर सवाल उठाते हुए कहा कि वैभव सूर्यवंशी का विकेट कोई ऐसी गेंद पर नहीं आया था, जिसे लेकर इस तरह का जश्न मनाया जाए। उन्होंने विकेट के तरीके का जिक्र करते हुए कहा कि बल्लेबाज रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में आउट हुआ था। उन्होंने कहा, “क्या सैम अयूब ने बीच में से कोई स्पिन कर दिया था? क्या बोल्ड कर दिया था? रिवर्स स्वीप खेलने गया था, एज लग गया। ठीक है, सेलिब्रेट करना चाहिए। लेकिन ये क्या होता है।”
पाकिस्तान के प्रदर्शन पर भी सवाल
शहजाद का निशाना सिर्फ सेलिब्रेशन पर नहीं था। उन्होंने पाकिस्तान की टीम के भारत के खिलाफ हालिया प्रदर्शन पर भी सवाल उठाया और कहा कि टीम को मैदान पर ज्यादा प्रतिस्पर्धी नजर आना चाहिए। उनके बयान के बाद सैम अयूब का सेलिब्रेशन एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
Must Read: Rule Change 1st October: LPG Cylinder महंगा, Diesel-ATF पर Tax घटा, SBI ATM और FD के नियम भी बदले
Ahmad Shahzad का करियर
अहमद शहजाद ने साल 2023 में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) से संन्यास ले लिया था। हालांकि उन्होंने आधिकारिक रूप से इंटरनेशनल क्रिकेट को अब तक अलविदा नहीं कहा है। शहजाद के नाम पर इंटरनेशनल क्रिकेट में कई यादगार पारियां दर्ज हैं:
- टेस्ट: 13 मैच, 40.91 की औसत से 982 रन, 3 शतक और 4 अर्धशतक।
- वनडे: 81 मैच, 32.56 की औसत से 2,605 रन, 6 शतक और 14 अर्धशतक।
- T20I: 59 मैच, 25.80 की औसत से 1,471 रन।
- PSL: 45 मैच, 26.26 की औसत से 1,077 रन, 9 अर्धशतक, स्ट्राइक रेट 120.06।