लखनऊ | उत्तर प्रदेश की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल (Divya Mittal) ने 13 वर्षों की सेवा के बाद अपने पद से इस्तीफा (Resignation) दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक भावुक पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने अपने करियर के इस सफर को ‘अविस्मरणीय’ बताते हुए कहा कि IAS का पद भले ही उनके हाथ से छूट गया हो, लेकिन देश के लिए कुछ करने का सपना हमेशा उनके साथ रहेगा।
कौन हैं Divya Mittal?
दिव्या मित्तल ने IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ाई की थी और लंदन में नौकरी कर रही थीं। हालांकि, देश से दूर रहना उन्हें खलता था, जिसके कारण वे वापस भारत लौट आईं और IAS बनीं। उन्होंने देवरिया और मिर्जापुर जैसे जिलों में तैनात रहीं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने हमेशा साधारण परिवेश में रहते हुए एक सफल और अच्छा जीवन का सपना देखा था।
इस्तीफे का कारण क्या है?
अपने इस्तीफे के पत्र में दिव्या ने अपने संघर्ष को याद करते हुए लिखा कि दिन-रात मेहनत कर उन्होंने पढ़ाई पूरी की और नौकरी हासिल की, लेकिन ‘सब कुछ’ पा लेने पर भी उन्हें कुछ अधूरा लगता था। उन्होंने लिखा, “मैं चाहती थी कि जिस भारत का सपना देखा था, उसे बनाने वाली ईंटों पर मेरे भी हाथों के निशान हों, इसलिए वापस लौट आई और IAS बनने का सौभाग्य मिला।”
सेवा के दौरान क्या-क्या किया?
उन्होंने जरूरतमंद परिवारों, दिव्यांगों और किसानों के लिए काम करते हुए महसूस किया कि हर सरकारी फाइल के पीछे एक इंसान होता है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने एक गांव में पहली बार पानी पहुंचाया, तो एक बुजुर्ग महिला ने कुछ नहीं कहा, बस उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। उन्होंने इस आशीर्वाद को सबसे बड़ी पूंजी बताया और कहा कि देश के लिए बहुत कुछ करने का सपना आज भी उनके साथ है।