नई दिल्ली | नेटफ्लिक्स पर 17 जुलाई 2026 को रिलीज हुई साउथ कोरियन सीरीज ‘द ईस्ट पैलेस’ ने रिलीज होते ही दुनियाभर में धूम मचा दी है। डार्क फैंटेसी, पीरियड ड्रामा और हॉरर का बेहतरीन संगम यह सीरीज जोसियन काल की पृष्ठभूमि पर आधारित है। सिर्फ 8 एपिसोड की इस सीरीज ने रिलीज के महज 16 दिनों के भीतर न केवल भारत बल्कि दुनिया भर में टॉप 10 की लिस्ट में जगह बनाकर के-ड्रामा प्रेमियों की पहली पसंद बन गई है।
क्या है ‘द ईस्ट पैलेस’ की कहानी?
काल्पनिक जोसियन राजवंश के ईस्ट पैलेस पर एक भयानक शाप छाया हुआ है। तीस साल पहले एक तालाब की आत्मा ने शाही खानदान के कई राजकुमारों की जान ले ली थी, और अब वही आत्मा फिर से सक्रिय हो गई है। एक युवराज की लाश तालाब में मिलती है और आखिरी बचे बेटे पर भी खतरा मंडराने लगता है। राजा शुरू में इसे कोई साजिश मानते हैं, लेकिन बेकाबू होती स्थिति के बाद वे गुप्त रूप से गु-चेओन को बुलाते हैं, जो आत्माओं की दुनिया में जाकर उनका सफाया कर सकता है। राजा उसके साथ सेंग-गैंग को भी लगा देते हैं, जो मरे हुए लोगों की आवाजें सुन सकती है। दोनों को महल के शाप का रहस्य खोलना है, वरना मौत निश्चित है।
Must Read: 25 साल बाद भारत में री-रिलीज़ होगी हैरी पॉटर, 581 अरब की कमाई वाली सीरीज़
क्यों है यह सीरीज खास?
यह सीरीज सिर्फ भूतों की कहानी नहीं है; यह सत्ता, परिवार, बदला और छिपे हुए राजसी रहस्यों को आत्माओं की दुनिया के माध्यम से दिखाती है। महल की भव्यता और आत्माओं की दुनिया के अंधेरे का कंट्रास्ट बेहद प्रभावशाली है। मुख्य कलाकार नाम जू-ह्युक (गु-चेओन) ने मिलिट्री सर्विस के बाद इस सीरीज से शानदार वापसी की है, तो रो यून-सो (सेंग-गैंग) का किरदार रहस्यमय और मजबूत है।
क्या है सीरीज का प्रदर्शन?
‘द ईस्ट पैलेस’ नेटफ्लिक्स की ओरिजिनल कोरियन सीरीज है, जिसके सभी 8 एपिसोड (46-59 मिनट) 17 जुलाई को एक साथ रिलीज हुए। रिलीज के महज तीन दिन में यह ग्लोबल नॉन-इंग्लिश टीवी शोज की टॉप 10 लिस्ट में नंबर 2 पर पहुंच गई और 80 से अधिक देशों में टॉप 10 में जगह बनाई। यह सीरीज हिंदी समेत कई भारतीय भाषाओं में सबटाइटल के साथ उपलब्ध है और डार्क फैंटेसी, मिस्ट्री और कोरियन ड्रामा के शौकीनों के लिए इसे देखना न भूलें।