इनकम टैक्स विभाग की ओर से इन दिनों टैक्सपेयर्स के मोबाइल पर ITR भरने से संबंधित मैसेज आ रहे हैं। इसमें कहा जा रहा है कि जल्दी रिटर्न फाइल करें और तनावमुक्त रहें।
यह मैसेज कोई चेतावनी या कानूनी नोटिस नहीं है। यह विभाग की एक कोशिश है ताकि टैक्सपेयर्स आखिरी समय की हड़बड़ी, तकनीकी दिक्कतों और गलतियों से बचने के लिए अपना रिटर्न समय से पहले दाखिल कर सकें।
आखिरी तारीख क्या है?
आम लोगों और सैलरी पाने वाले टैक्सपेयर्स, जिन्हें अपने खातों की जांच (ऑडिट) करवाने की जरूरत नहीं होती है, उनके लिए असेसमेंट ईयर 2026-27 (वित्तीय वर्ष 2025-26) का ITR भरने की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2026 है।
क्या लिखा है मैसेज में?
कई टैक्सपेयर्स को जो मैसेज मिल रहा है, उसमें लिखा है:
‘Dear XXXXXXX, File Early, Stay Relaxed! Your ITR for AY 2026-27 awaits at the e-Filing portal. Due date 31st July 2026. Ignore if filed.– ITDept.’
मैसेज के शब्दों से साफ है कि यह सिर्फ एक रिमाइंडर है। अगर आप अपना रिटर्न पहले ही दाखिल कर चुके हैं, तो आपको कुछ करने की जरूरत नहीं है।
आयकर विभाग क्यों भेज रहा है यह रिमाइंडर?
हर साल बहुत से टैक्सपेयर्स आखिरी तारीख का इंतजार करते हैं। इससे अंतिम दिनों में ई-फाइलिंग पोर्टल पर अचानक ट्रैफिक बहुत बढ़ जाता है, जिससे जल्दबाजी में गलतियां होने और वेबसाइट क्रैश होने की संभावना रहती है।
समय से पहले मैसेज भेजकर विभाग चाहता है कि लोग धीरे-धीरे अपना रिटर्न भरें ताकि पोर्टल पर लोड न बढ़े।
जल्दी ITR फाइल करने के फायदे
जल्दी ITR फाइल करने के कई फायदे हैं। पहला, आपको अपनी सैलरी, टीडीएस, बैंक ब्याज और कमाई के अन्य जरियों का मिलान करने का पूरा समय मिल जाता है। अगर कोई गड़बड़ी दिखती है, तो उसे समय रहते ठीक किया जा सकता है।
दूसरा, जो लोग जल्दी और सही तरीके से ITR फाइल और वेरिफाई करते हैं, उनका टैक्स रिफंड भी जल्दी आने की संभावना बढ़ जाती है। तीसरा, आखिरी समय में होने वाली तकनीकी दिक्कतों या जरूरी कागजात खो जाने के डर से मुक्ति मिलती है।
अब तक 1.7 करोड़ से ज्यादा ITR दाखिल
आयकर विभाग ने शनिवार को बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अब तक 1.7 करोड़ से अधिक टैक्सपेयर्स अपना ITR दाखिल कर चुके हैं।
विभाग के मुताबिक, इनमें से केवल एक दिन (शुक्रवार) में ही 10 लाख से ज्यादा रिटर्न फाइल किए गए। यह दर्शाता है कि लोग जागरूक हो रहे हैं।