केरल के वायनाड जिले में मंगलवार को भारी बारिश के बीच हुए लैंडस्लाइड में तीन लोगों की जान चली गई। हादसा कितना भयावह था, यह कई वीडियो में साफ देखा जा सकता है।
घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस बीच मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि लैंडस्लाइड कितना भयंकर था।
‘भागो-भागो’ की चीख, फिर तबाही
एक डरावने वीडियो में दिख रहा है कि एक शख्स लोगों को चिल्लाकर कह रहा है, ‘भागो-भागो… जल्दी भागो… भाई.. जल्दी भागो!’
इसके कुछ ही सेकंड बाद मिट्टी का विशाल ढेर अचानक सड़क और पुल की ओर तेजी से खिसकने लगता है। यह दृश्य बेहद खौफनाक था।
निर्माण स्थल पर आई आफत
यह हादसा कल्लाडी स्थित मीनाक्षी ब्रिज के पास हुआ, जहां कोझिकोड और वायनाड को जोड़ने वाली सुरंग सड़क परियोजना का निर्माण जारी है।
लगातार बारिश के कारण निर्माण स्थल पर जमा मिट्टी का बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। मिट्टी के साथ कई पेड़ उखड़ गए और निर्माण स्थल पर लगाए गए लोहे व कपड़े के बैरिकेड भी बह गए।
लोग जान बचाने के लिए भागे
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि कई लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, जान बचाने के लिए भागने की कोशिश करते हैं, लेकिन मिट्टी का तेज बहाव उन्हें अपनी चपेट में ले लेता है।
कुछ लोग तो बच निकले, लेकिन कई इस तबाही में फंस गए।
टैंकर ट्रक और जीप की टक्कर
पुल पर खड़ा एक टैंकर ट्रक भी मिट्टी के साथ बहता हुआ दूसरी ओर पहुंच गया और वहां खड़ी एक जीप से टकरा गया।
चमत्कारिक रूप से एक शख्स और एक महिला ट्रक और जीप के बीच से बाहर निकल आए। दोनों पूरी तरह मिट्टी से लथपथ थे, लेकिन उनकी जान बच गई।
मजदूरों से भरी बस नदी में गिरी
भूस्खलन की चपेट में आकर मजदूरों को लाने-ले जाने वाली एक निजी बस भी पास की नदी में जा गिरी और आधी पानी में डूब गई।
हादसे के बाद पूरा पुल और आसपास का इलाका मोटी मिट्टी की परत से ढक गया। यह नजारा काफी भयावह था।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
पुलिस और NDRF की टीमें राहत और बचाव अभियान में जुटी हैं। प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि मलबे के नीचे कोई व्यक्ति फंसा तो नहीं है।
अनाक्कमपोयिल-मेप्पाडी सड़क परियोजना का निर्माण कार्य पिछले वर्ष शुरू हुआ था। अब इस घटना ने इस परियोजना पर सवाल खड़े कर दिए हैं।