पश्चिम एशिया (West Asia) में बढ़ते संघर्ष के बीच, भारत सरकार ने मंगलवार, 17 मार्च 2026 को बताया कि 28 फरवरी से अब तक इस इलाके से करीब 2.44 लाख भारतीय नागरिक (2.44 lakh Indians) स्वदेश लौट चुके हैं। विदेश मंत्रालय (MEA) ने यह जानकारी एक अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में दी।
पांच भारतीयों की मौत, एक लापता
अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम आर महाजन (Asim R Mahajan) ने बताया कि इस संघर्ष के दौरान अब तक पांच भारतीय नागरिकों (five Indian citizens) की जान जा चुकी है। एक व्यक्ति पहले हुई एक घटना के बाद से लापता (missing) है। ओमान के सोहर शहर में हाल ही में हुई एक घटना में मारे गए दो भारतीयों के शव मंगलवार को भारत लाए गए और जयपुर (Jaipur) में उनके परिवारों को सौंप दिए गए।
तीर्थयात्री और छात्र हुए सुरक्षित
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (Randhir Jaiswal) ने कहा कि ईरान से आर्मेनिया और अजरबैजान (Armenia and Azerbaijan) गए 650 भारतीय नागरिकों में अब 50 और जुड़ गए हैं। इसके अलावा, 284 तीर्थयात्री (pilgrims) जो ईरान गए थे, वे कल सफलतापूर्वक आर्मेनिया पहुंच गए। इनमें से 130 तीर्थयात्री आज (बुधवार) दिल्ली (Delhi) पहुंचेंगे।
उड़ानें जारी, हेल्पलाइन पर कॉल घटे
सरकार ने बताया कि एयरलाइंस सुरक्षा के मद्देनजर सीमित गैर-निर्धारित उड़ानें (non-scheduled flights) संचालित कर रही हैं। 16 मार्च को UAE के हवाई अड्डों से भारत के लिए करीब 65 उड़ानें संचालित हुईं। ओमान (Oman) से भी भारत के कई शहरों के लिए उड़ानें जारी हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसका कंट्रोल रूम (control room) पूरी तरह से काम कर रहा है और हेल्पलाइन पर आने वाली कॉल या ईमेल की संख्या में काफी कमी आई है।
BRICS देशों के रुख पर क्या बोले MEA?
पश्चिम एशिया संघर्ष पर BRICS देशों के रुख के बारे में पूछे जाने पर, MEA के प्रवक्ता ने कहा कि यह समूह आम सहमति (consensus) के आधार पर काम करता है। उन्होंने कहा, “BRICS में अध्यक्षता हमारे पास है। इस संघर्ष में BRICS के कई सदस्य शामिल हैं, इसलिए अलग-अलग देशों के रुखों के बीच की खाई को पाटना मुश्किल रहा है। लेकिन हम सभी संबंधित पक्षों के साथ लगातार संपर्क में हैं।” गौरतलब है कि BRICS में अब ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका के अलावा मिस्र, इथियोपिया, ईरान, UAE और इंडोनेशिया (2025 से) शामिल हैं।