शादियों के इस सीजन में आपने कई विवाह समारोहों में शिरकत की होगी, लेकिन क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि किसी शादी में एक दुल्हन के साथ दो दूल्हे हों? यह सुनने में भले ही अजीब लगे, लेकिन हाल ही में थाईलैंड (Thailand) से ऐसा ही एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसकी तस्वीरें इंटरनेट पर खूब वायरल (Viral) हो रही हैं।
एक साथ दो पुरुषों से शादी, परिवार ने भी दिया आशीर्वाद
यह अनोखा मामला थाईलैंड का है। यहां की रहने वाली 37 वर्षीय डुआंगडुआन केत्सारो (Duangduan Ketsaro) नामक महिला ने एक ही समारोह में दो ऑस्ट्रियाई पुरुषों से शादी कर ली। डुआंगडुआन पेशे से सिंगर और सॉन्गराइटर रह चुकी हैं। उनकी यह शादी काफी सादगी से संपन्न हुई, जिसमें करीबी रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए।
पांच साल साथ रहने के बाद बढ़ा परिवार
जानकारी के मुताबिक, डुआंगडुआन की मुलाकात सबसे पहले ऑस्ट्रिया के रिटायर्ड पुलिस अधिकारी रोमन (Roman) से थाईलैंड के शहर पटाया (Pattaya) में हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्यार बढ़ा और वे करीब पांच साल तक साथ रहे। इस दौरान उनकी मुलाकात मैकी (Mackie) नाम के एक अन्य ऑस्ट्रियाई युवक से हुई और वे भी एक-दूसरे से प्यार करने लगे।
तीनों ने मिलकर लिया फैसला, बच्चों से भी मांगी थी सलाह
डुआंगडुआन का कहना है कि उन्होंने यह नया रिश्ता कभी नहीं छिपाया और न ही जल्दबाजी में कोई फैसला लिया। शादी से पहले तीनों ने अपने भविष्य और उम्मीदों को लेकर खुलकर बातचीत की। उन्होंने अपने माता-पिता और बच्चों से भी सलाह ली। डुआंगडुआन की पहली शादी से तीन बेटियां और दो नाती-नातिन हैं।
परिवार की जिम्मेदारी निभाने लगे दोनों पुरुष
डुआंगडुआन ने बताया कि संगीत करियर सफल न होने के बाद उन्हें आर्थिक और व्यक्तिगत संघर्षों का सामना करना पड़ा। परिवार की जिम्मेदारी निभाने के लिए उन्होंने पटाया में काम शुरू किया, जहां उनकी मुलाकात रोमन और मैकी से हुई। समय के साथ दोनों पुरुष न सिर्फ उनकी जिंदगी का हिस्सा बने, बल्कि उनके परिवार की जिम्मेदारी भी निभाने लगे। डुआंगडुआन के मुताबिक, उनके माता-पिता और बच्चे भी इस शादी से खुश हैं।