सोशल मीडिया पर ‘चिकन लेग पीस’ वाले वीडियो बनाने वाले इंफ्लूएंसर उल्हास कामटे इन दिनों चर्चा में हैं। उनके चर्चा में आने की वजह है उनकी मौत और हार्ट अटैक की खबरें। हालांकि, अब खुद उल्हास कामटे ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर कहा है कि वो एकदम ठीक हैं और अभी जिंदा हैं।
दरअसल, उनकी मौत और अटैक के साथ एक वीडियो भी काफी शेयर हो रहा है, जिसमें उल्हास कामटे बीमार नजर आ रहे हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। इस वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर अफवाहों का दौर शुरू हो गया और लोगों ने उन्हें लेकर पोस्ट करना शुरू कर दिए।
खुद उल्हास ने बताई सच्चाई
अब खुद उल्हास कामटे ने इन खबरों को गलत बताया है और लोगों को बताया है कि वो अभी जिंदा हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि वायरल हो रहा वीडियो कब का है, जिसकी वजह से ये खबर फैली।
उल्हास ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें 5 लोग और नजर आ रहे हैं, जो बता रहे हैं कि उस दिन क्या हुआ था। उन्होंने बताया कि ये वीडियो फिल्म झाड़-फूंक के प्रीमियर शो के दौरान का था और फिल्म देखने के बाद उल्हास कामटे को एंजाइटी अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें कोकिला बेल अस्पताल ले जाया गया और कुछ देर बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
टीम ने क्या बताया?
वीडियो में दिख रहे फिल्म झाड़ फूंक की टीम के सदस्य ने बताया कि उस दिन पिक्चर झाड़ फूंक का प्रीमियर शो था और दादा से आने की रिक्वेस्ट की गई थी।
उन्होंने बताया—
“हॉरर फिल्म सुनकर दादा ने पहले तो मना कर दिया था, लेकिन मेरी रिक्वेस्ट पर दादा आ गए और हॉरर सीन देखकर दादा को एंक्साइटी अटैक आया और वो बेहोश हो गए। बेहोश वो हुए लेकिन हमारे बीच चिंता बढ़ गई, चिल्लम पुकार हुई और हम पूरी टीम जिसमें डायरेक्टर राजन वर्मा सर भी शामिल हैं, दादा को हॉस्पिटल लेकर गए। डॉक्टर ने दादा का चेकअप किया और कुछ घंटे बाद कहा कि वो ठीक हैं और घर जा सकते हैं। ऐसे में दादा के बारे में जो न्यूज चल रही है, जिसमें बताया जा रहा है कि दादा अब नहीं रहे, वो बिल्कुल गलत है क्योंकि दादा तो अभी जिंदा हैं।”
‘मैं एकदम फिट हूं’
वीडियो शेयर करते हुए उल्हास कामटे ने कहा—
“हम अभी जिंदा हैं और ये न्यूज पिछले 2 दिन से आ रही है तो मैं एकदम फिट हूं, नॉर्मल हूं लेकिन आपने जो प्यार दिया और जो मेरे बारे में इतना सोचा, सच में बहुत बहुत दिल से हम आपका धन्यवाद करते हैं।”