तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन चुके सुपरस्टार थलपति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ इस साल जनवरी में रिलीज होने वाली थी। मगर CBFC (सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन) के पंगे में फंसने के कारण यह फिल्म अटक गई थी।
अब यह फिल्म रिलीज के लिए तैयार है और मेकर्स की ऑफिशियल अनाउंसमेंट से पहले ही टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म्स और कई थिएटर्स ने 24 जुलाई की रिलीज डेट के साथ एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है।
बेटे की फिल्म ‘सिग्मा’ के लिए मुसीबत?
‘जन नायकन’ की इस रिलीज डेट के साथ एक पंगा यह है कि विजय की फिल्म उनके ही बेटे, जेसन संजय की पहली फिल्म के लिए मुसीबत बन सकती है।
विजय के बेटे जेसन संजय कई पॉपुलर स्टारकिड्स की तरह एक्टिंग न चुनकर, बतौर डायरेक्टर फिल्मों में एंट्री लेने जा रहे हैं। उन्होंने यंग तमिल स्टार संदीप किशन को लीड रोल में लेकर फिल्म ‘सिग्मा’ बनाई है, जिसकी रिलीज डेट काफी पहले ही 31 जुलाई अनाउंस कर दी गई थी।
बाप-बेटे की टक्कर?
इधर विजय के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते वक्त, उनकी पत्नी और बेटे का मौजूद न रहना इन अफवाहों की वजह बना कि इस पिता-पुत्र के रिश्ते में कुछ तनाव है।
इस बीच अगर विजय की ‘जन नायकन’ एक हफ्ते पहले थिएटर्स में पहुंचती है, तो यह उनके बेटे की फिल्म ‘सिग्मा’ को नुकसान पहुंचा सकती है। एक तो ‘जन नायकन’ राजनीति में बड़ी जगह बना चुके विजय की आखिरी फिल्म है, ऊपर से इसकी रिलीज का लंबा इंतजार तमिल सिनेमा फैंस के लिए एक इवेंट बन चुका है।
‘सिग्मा’ टाले जाने की चर्चा
ऐसे में ‘जन नायकन’ बहुत बड़ी फिल्म बन चुकी है। 31 जुलाई को आ रही ‘सिग्मा’ का बॉक्स ऑफिस पर जगह बना पाना इस फिल्म के लिए मुश्किल है।
चर्चाएं यह भी हैं कि जेसन संजय की फिल्म ‘सिग्मा’ के मेकर्स इसे अगस्त के लिए टालने पर विचार कर रहे हैं। इससे विजय को बड़े पर्दे पर उनका फाइनल ‘बिग-स्क्रीन’ मोमेंट सेलिब्रेट करने का मौका मिल जाएगा।
फैंस की नजरें
दोनों फिल्मों की टीम की तरफ से अभी कोई ऑफिशियल स्टेटमेंट सामने नहीं आया है। लेकिन इतना तय है कि विजय की इतनी बड़ी फिल्म के सामने पड़ने वाली किसी भी फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर टिक पाना बहुत मुश्किल होगा।
फैंस बहुत जिज्ञासा के साथ इस पर नजरें लगाए बैठे हैं कि ‘सिग्मा’ और ‘जन नायकन’ में से कोई अपनी डेट बदलता है या इस महीने के अंत में जनता को बॉक्स ऑफिस पर बाप-बेटे का क्लैश देखने को मिलेगा।