सिंगरौली | मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे सिंगरौली जिले (Singrauli district) में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी (Nidhi Tiwari) की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार रात निधि ने अपने घर के कमरे में पंखे से फांसी लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने मोबाइल फोन जब्त कर जांच शुरू कर दी है। मौके से कोई सुसाइड नोट (Suicide Note) नहीं मिला है। भविष्य की कई बड़ी योजनाएं बना रही और बैढ़न के पचखोरा में अपने लिए एक आलीशान मकान का निर्माण करवा रही निधि के इस खौफनाक कदम ने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
सूत्रों के मुताबिक, निधि तिवारी (30) के कथित बॉयफ्रेंड सोनू सिंह (Sonu Singh) ने उसकी मां हेमलता तिवारी (Hemlata Tiwari) को फोन कर बताया था कि निधि ऊपर कमरे में है। इसके बाद परिजन कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़कर निधि को बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मोरवा थाना पुलिस (Morwa Police Station) मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर कमरे को सील किया और निधि का मोबाइल फोन जब्त कर लिया। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
कौन थीं निधि तिवारी?
निधि तिवारी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं। उनके फेसबुक पेज पर 9 लाख से अधिक और इंस्टाग्राम पर करीब 7 लाख फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। कुछ महीने पहले तक वह मोरवा के जीएस ग्रैंड होटल में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थीं। बताया जाता है कि उत्तर प्रदेश में आयोजित एक ब्यूटी क्वीन प्रतियोगिता में भी उन्होंने खिताब जीता था। निधि सिंगरौली जिला मुख्यालय बैढ़न के पचखोरा में एक आलीशान मकान का निर्माण भी करवा रही थीं, जो अभी पूरा नहीं हुआ था।
Must Read: ‘टैरिफ नहीं होता तो…’: भारतीय कंपनी Essar के US Steel Plant पर Trump के मंत्री का बड़ा बयान
परिजनों ने बॉयफ्रेंड पर क्या आरोप लगाए?
परिजनों के अनुसार, जीएस ग्रैंड होटल में काम करने के दौरान निधि की पहचान सोनू सिंह नाम के एक व्यक्ति से हुई थी। बताया जा रहा है कि सोनू NCL की आउटसोर्सिंग से जुड़े काम में इंजीनियर के तौर पर कार्य करता था। परिजनों का आरोप है कि सोनू निधि पर काफी निगरानी रखता था। उनका कहना है कि निधि का फोन अक्सर ऑनलाइन रहता था और वह लंबे समय तक कॉल पर रहती थी। परिवार की ओर से यह भी दावा किया गया है कि सोनू इसी महीने 3 सितंबर से 17 सितंबर तक उसी होटल में ठहरा था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
परिवार में पहले भी हो चुकी है एक बहन की मौत
निधि चार बहनों में से एक थीं। परिवार के मुताबिक, एक बहन की कई वर्ष पहले आत्महत्या से मौत हो चुकी है। दूसरी बहन शीतल मिश्रा की शादी हो चुकी है, जबकि निधि और छोटी बहन ममता तिवारी अविवाहित थीं और मां हेमलता तिवारी के साथ रहती थीं। परिजनों के मुताबिक, निधि के पिता अशोक तिवारी करीब 17 वर्ष से परिवार से अलग रह रहे हैं और उत्तर प्रदेश के मैनपुरी स्थित अपने पैतृक घर में रहते हैं।
पुलिस क्या कह रही है?
निधि की मौत के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया। पुलिस के सामने फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं है। ऐसे में मोबाइल फोन की चैट, कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच अहम मानी जा रही है। सिंगरौली SP शियाज के.एम. (SP Shiyaz K.M.) के मुताबिक, घटना के बाद सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। मोबाइल फोन जब्त किया गया है और पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। होटल प्रबंधन, एनसीएल प्रबंधन और संबंधित कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।