रणबीर कपूर स्टारर ‘रामायण’ इस समय भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म है। इसका बजट करीब 4000 करोड़ रुपये है, जिसमें फिल्म के दो पार्ट्स बनेंगे।
इसे हॉलीवुड की प्रख्यात कंपनी DNEG के मालिक नमित मल्होत्रा बना रहे हैं। वहीं नितेश तिवारी, जिन्होंने आमिर खान की ‘दंगल’ बनाई थी, वह इसे डायरेक्ट कर रहे हैं। इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।
दिवाली 2026 पर होगी रिलीज
‘रामायण’ फिल्म को दिवाली 2026 के मौके पर रिलीज किया जाना है। इस त्योहार को आने में चार महीने का समय बचा है।
ऐसे में फिल्म की टीम अब इसे मार्केट करने मैदान में उतरने वाली है। ‘रामायण’ का ऑफिशियल ट्रेलर इसी महीने में रिलीज होना है, जिसकी डेट मेकर्स ने रिवील की है।
दिल्ली नहीं, अमेरिका में होगा ट्रेलर लॉन्च
पहले रिपोर्ट्स थीं कि फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर दिल्ली के भारत मंडपम में लॉन्च किया जाएगा। चूंकि रणबीर कपूर की पिछली फिल्म ‘एनिमल’ का ट्रेलर दिल्ली में रिलीज हुआ था, ऐसे में ‘रामायण’ को लेकर भी यही कयास लग रहे थे।
मगर अब मेकर्स की तरफ से ऑफिशियली कंफर्म किया गया है कि वह इसे इंडिया में नहीं, बल्कि अमेरिका के शहर सैन डिएगो में एक खास इवेंट के अंदर लॉन्च करेंगे।
सैन डिएगो कॉमिक-कॉन 2026 में होगा प्रीमियर
‘रामायण’ का ट्रेलर सैन डिएगो कॉमिक-कॉन 2026 में 24 जुलाई को वर्ल्डवाइड प्रीमियर किया जाएगा।
शनिवार को हुई ऑफिशियल पोस्ट में मेकर्स ने लिखा- “भारत से पूरी दुनिया तक। हजारों सालों से रामायण ने धर्म, मर्यादा, साहस और करुणा जैसे जीवन मूल्यों से पीढ़ी-दर-पीढ़ी लोगों को प्रेरित किया है। अब इसकी शुरुआत एक नए सफर के साथ हो रही है।”
‘भारतीय सिनेमा में कभी नहीं देखा ऐसा भव्य रूप’
मेकर्स ने आगे कहा, “भारत के सबसे महान सांस्कृतिक महाकाव्यों में से एक रामायण अब पूरी दुनिया के सामने ऐसे भव्य रूप में पेश की जा रही है, जैसा भारतीय सिनेमा में पहले कभी नहीं देखा गया। ‘रामायण’ का ट्रेलर 24 जुलाई को दुनियाभर में रिलीज होगा।”
यह फैसला फिल्म को वैश्विक मंच पर पेश करने की रणनीति का हिस्सा है।
किस वक्त देख सकेंगे भारतीय फैंस?
सैन डिएगो में ‘रामायण’ का ट्रेलर 23 जुलाई 2026 को वहां के समयानुसार दोपहर 3.15 बजे लॉन्च किया जाएगा। यानी भारत में 24 जुलाई को सुबह 3.15 बजे।
यह इवेंट कॉमिक-कॉन 2026 के बॉलरूम 20 में आयोजित होगा, जो इस इवेंट का दूसरा सबसे बड़ा हॉल है और जहां करीब 4800 लोग बैठ सकते हैं।
इवेंट में कौन होंगे मौजूद?
इस खास प्रेजेंटेशन में फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा, डायरेक्टर नितेश तिवारी, और फिल्म के मेन कलाकार रणबीर कपूर और यश शामिल होंगे।
यह पहली बार होगा जब भारत की इतनी बड़ी फिल्म का ट्रेलर किसी अंतरराष्ट्रीय कॉमिक-कॉन इवेंट में लॉन्च किया जाएगा।