भारत में रहने वाले हर व्यक्ति को, चाहे वह किसी भी राज्य, धर्म और समाज से आता हो, रामायण की कहानी पता है। इसलिए प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ पर लोगों की नजरें पहली अनाउंसमेंट के समय से ही लगी हैं।
शनिवार, 18 जुलाई की शाम को, दिल्ली में ‘रामायण’ का पहला ट्रेलर रिवील हुआ, जो दुनिया के सामने कुछ दिन बाद आएगा। ट्रेलर देखने के बाद कहा जा सकता है कि ‘रामायण’ पर उठ रहे सवाल कपूर की तरह उड़ जाएंगे।
यश का विकराल रावण
ट्रेलर यश के रावण से शुरू होता है। रावण के महाशक्तिशाली अवतार को ट्रेलर ऐसी भव्यता के साथ पेश करता है कि कहानी का टोन सेट हो जाता है।
अगर विलेन ऐसा अजेय, पराक्रमी वीर है तो हीरो कैसा होगा? यह सवाल ट्रेलर देखने के बाद दर्शकों के मन में उठता है।
रणबीर कपूर का विराट राम
इसके बाद ‘रामायण’ का ट्रेलर श्रीराम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर को इंट्रोड्यूस करता है। इस किरदार की झलक आप पहले टीजर में ज्यादा बेहतर देख चुके हैं।
ट्रेलर में यह किरदार कहानी को आगे बढ़ा रहा है। राम इंट्रोडक्शन सीन उनके धनुष विद्या में पारंगत होने का सबूत देता है।
साई पल्लवी की सीता, रवि दुबे के लक्ष्मण
सीता के रोल में साई पल्लवी और लक्ष्मण के रोल में रवि दुबे भी ट्रेलर में पहली बार रिवील होते हैं। साई के हिंदी एक्सेंट को लेकर या उनके अपीयरेंस को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ सवाल उठे थे।
ट्रेलर में साई का डायलॉग और उनके सीन इन सवालों का जवाब हैं। उनकी परफॉर्मेंस की एक जरा सी झलक यह बताने के लिए काफी है कि फिल्म में वह आपको कितना इम्प्रेस करने वाली हैं।
लारा दत्ता और अरुण गोविल भी कमाल
राम के लिए वनवास मांगती कैकेयी के रोल में लारा दत्ता भी कमाल हैं। दशरथ के रोल में, भारत के लिए आइकॉनिक राम बन चुके अरुण गोविल पर भी नजरें रुकेंगी।
रवि दुबे का ट्रेलर में एक ही सीन है, मगर वह एक झलक ही उन्हें बड़ा सरप्राइज पैकेज बनाती है।
कमाल के विजुअल्स और म्यूजिक
‘रामायण’ के टीजर से उठी शिकायतों के बाद नमित मल्होत्रा ने विश्वास दिलाया था कि यह अभी ‘वर्क इन प्रोग्रेस’ है। ट्रेलर देखकर आपको समझ आएगा कि वह क्या कहना चाहते थे।
3डी में ट्रेलर की क्वालिटी कमाल थी। विजुअल्स में इतना सुधार है कि आप तारीफ किए बिना नहीं रह पाएंगे। कहानी में आने वाले पौराणिक क्रीचर्स शानदार हैं। इंद्र का हाथी ऐरावत तो कमाल है ही, जटायु को देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
एआर रहमान और हान्स जिमर का संगीत
ए आर रहमान और हान्स जिमर के म्यूजिक ने इन शानदार विजुअल्स को उस पौराणिक संसार में ऐसा ट्रांसफॉर्म किया है कि रोंगटे खड़े होने वाला नेचुरल रिस्पॉन्स तो ट्रेलर में कई जगह देखने को मिलेगा।
संगीत ने फिल्म के भव्यता को और भी ऊंचा उठा दिया है।
’10 हजार करोड़ कमाने वाली फिल्म’
ट्रेलर खत्म होते ही मेरे बगल में बैठे एक व्यक्ति ने कहा, ‘लोगों को 4 हजार करोड़ की चिंता है, यह तो 10 हजार करोड़ कमाने वाली फिल्म है।’
यह सिर्फ ‘रामायण’ के ट्रेलर से ही निकला रिस्पॉन्स नहीं है, बल्कि इस फिल्म से जुड़ी उम्मीदों का प्रतिबिंब है।
कब आएगा ट्रेलर?
जल्द ही सैन डिएगो में होने वाले कॉमिक-कॉन इवेंट में नमित पूरी दुनिया के लिए यह ट्रेलर पेश करने वाले हैं। 24 जुलाई को यह फिल्म का ट्रेलर आपको हैरान कर सकता है!
यह भारत की संस्कृति की जमीन तैयार करने वाली एक कहानी के, आज की बेस्ट सिनेमैटिक तकनीक के साथ, दुनिया भर के दर्शकों के सामने पहुंचने की खुशी है।