नई दिल्ली | 79वें स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले (Red Fort) से राष्ट्र को संबोधित करते हुए ‘कॉन्सर्ट इकोनॉमी’ (Concert Economy) और सॉफ्ट पावर (Soft Power) को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया का हर कलाकार भारत में परफॉर्म करना चाहता है, और यह देश की बढ़ती वैश्विक पहचान और क्रिएटिव इंडस्ट्री की ताकत का सबूत है।
क्या बोले PM Modi?
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि ‘सप्त धारा’ की सातवीं ताकत भारत की सॉफ्ट पावर है। उन्होंने कहा, “आज योग ने दुनिया को भारत से जोड़ा है। हमारा आयुर्वेद, होलिस्टिक हेल्थकेयर, हस्तशिल्प, संस्कृति, फिल्में, एनिमेशन, गेमिंग और डिजिटल कंटेंट – दुनिया इन्हें पहचान रही है।”
पीएम मोदी ने भारत के WAVES समिट का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया इस समिट का इंतज़ार कर रही है। उन्होंने फिल्मों, VFX, एनिमेशन, गेमिंग और डिजिटल कंटेंट को वैश्विक स्तर पर देश की ताकत बनाने पर विशेष जोर दिया।
क्या है Concert Economy?
पीएम मोदी ने लाइव कॉन्सर्ट्स और मनोरंजन उद्योग को बढ़ावा देने की बात करते हुए कहा कि भारत में लाइव कॉन्सर्ट्स का भारी स्कोप है। इससे पहले भी वे ब्रिटिश बैंड Coldplay के अहमदाबाद और मुंबई कॉन्सर्ट का जिक्र कर चुके हैं, जिसने भारत में बड़े पैमाने पर लाइव इवेंट्स की संभावनाओं को रेखांकित किया था।
क्या है सॉफ्ट पावर?
सॉफ्ट पावर के तहत पीएम ने भारत की सांस्कृतिक विरासत, फिल्म उद्योग, कला, संगीत और पर्यटन क्षमता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि देश में 100 से अधिक नेशनल पार्क हैं और सॉफ्ट पावर की ताकत से अधिक से अधिक विदेशी पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है।