नई दिल्ली | ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स (Netflix) पर हाल ही में रिलीज हुई 6 एपिसोड की वेब सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ (Operation Safed Sagar) ने आते ही धूम मचा दी है। दर्शकों और आलोचकों से मिल रहे शानदार रिस्पांस के चलते यह सीरीज नेटफ्लिक्स की ट्रेंडिंग सूची में नंबर-1 पर पहुंच गई है। कारगिल युद्ध की अनकही कहानी पर आधारित यह सीरीज देशभक्ति, शौर्य और बलिदान की गाथा को बड़े पर्दे पर उतारती है।
क्या है ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ की कहानी?
यह सीरीज 1999 के कारगिल युद्ध पर आधारित है, जिसमें भारतीय वायुसेना के उस साहसिक ऑपरेशन को दिखाया गया है, जिसे ऑपरेशन सफेद सागर के नाम से जाना जाता है। इसमें उन शूरवीरों की कहानी दिखाई गई है, जिन्होंने दुश्मनों के खिलाफ आसमान में लोहा लिया और अपने देश के लिए अपनी जान न्योछावर कर दी। 6 एपिसोड की यह सीरीज देशभक्ति की मिसाल कायम करने वाली एक परफेक्ट थ्रिलर है, जो हर भारतीय के दिल को छू लेगी।
कलाकार और रिलीज
‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में जिमी शेरगिल, सिद्धार्थ, अभय वर्मा, दीया मिर्जा और महेश मांजरेकर जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। इस सीरीज को 7 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया और तभी से यह दर्शकों की पहली पसंद बन गई है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आई यह सीरीज फैंस को एक दमदार और भावनात्मक यात्रा पर ले जाती है। फिल्म समीक्षकों और दर्शकों की ओर से इसे सकारात्मक समीक्षा मिल रही है, जिसके चलते यह वीकेंड पर मस्ट-वॉच सीरीज बन गई है।