मलयालम एक्ट्रेस (Malayalam actress) मीरा वासुदेवन (Meera Vasudevan) ने तीन शादियां कीं, लेकिन उनका कोई भी रिश्ता कामयाब नहीं रहा। एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने बताया कि तीन तलाक (three divorces) के बाद उनकी जिंदगी कैसी गुजर रही है और कैसे उन्होंने अपनी गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ना सीखा है।
‘मैंने मान लिया था कि यह सब होगा’
मूवी वर्ल्ड मीडिया (Movie World Media) को दिए इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने कहा कि उनके लिए तलाक मुश्किल नहीं रहे, क्योंकि वह यह मान चुकी थीं कि ऐसा होने वाला है। उन्होंने कहा, “मैंने पहले ही मान लिया था कि यह सब होगा। मैंने गलतियां की हैं और मेरे पास छिपाने के लिए कुछ बचा नहीं है। अब मुझे अपनी जिंदगी आगे बढ़ानी है। मैं अभी करियर में बहुत व्यस्त हूं और जिंदगी में बहुत खुश हूं। मैं अपनी जिंदगी के सबसे खूबसूरत दौर में हूं।”
‘दुनिया क्या सोचती है, इससे फर्क नहीं पड़ता’
मीरा का कहना है कि दुनिया उनके बारे में क्या सोचती है, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने बताया, “अनुभवों से हमें जिंदगी की सच्चाई पता चलती है। अगर हम अपनी जगह पर सहज नहीं हैं, तो हम दूसरों से वैलिडेशन (validation) मांगने लगते हैं। तब हमें दूसरों की बातें सच लगने लगती हैं। बस अपने अनुभवों से सबक लें और आगे बढ़ें।”
बेटा देता है समाधान
एक्ट्रेस ने बताया कि वह कोई भी कदम उठाने से पहले परिवार से सलाह लेती हैं। उन्होंने कहा, “अभी भी मैं पिता, मां और बेटे की सलाह पर चलती हूं। बच्चे बहुत होशियार होते हैं। कभी-कभी हमारी बातें सुनकर मेरा बेटा उसका समाधान बता देता है। मैं परिवार के साथ खुश हूं और मेरा करियर भी अच्छा चल रहा है।”
तीन बार टूटी शादी
एक्ट्रेस की पहली शादी 2005 में विशाल अग्रवाल (Vishal Aggarwal) से हुई थी, लेकिन पांच साल बाद यह रिश्ता टूट गया। 2011 में मीरा ने एक्टर जॉन कोक्केन (John Kokken) संग घर बसाया। इस शादी से उन्हें एक बेटा हुआ। बेटे के जन्म के बाद 2016 में मीरा की दूसरी शादी भी टूट गई। 2024 में उन्होंने सिनेमेटोग्राफर विपिन पुथियानकम (Vipin Puthiyanakam) से शादी रचाई, लेकिन यह रिश्ता भी एक साल चला और 2025 में दोनों अलग हो गए।
तीन बार शादियां टूटने के बावजूद मीरा की हिम्मत नहीं टूटी है और आज भी वह अपनी गलतियों से सीखकर आगे बढ़ना जानती हैं।