नई दिल्ली | इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार को हुई बैठक के बाद प्रस्तावित बैंक हड़ताल (Bank Strike) टाल दी गई है। यह फैसला आम लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है, क्योंकि हड़ताल की स्थिति में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती थीं। बैठक में बैंक सुधार, स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए PLI स्कीम में बदलाव समेत अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
कब और कैसे हुई बैठक?
रविवार रात लगभग 9:30 बजे IBA और UFBU की बैंक हड़ताल को लेकर बैठक हुई। इस बैठक में बैंक यूनियन की मांगों समेत अन्य अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। लंबी बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच कुछ फैसलों को लेकर सहमति बनी है।
किन मुद्दों पर बनी सहमति?
- शनिवार की छुट्टी का मुद्दा: शनिवार को छुट्टी घोषित किए जाने के मुद्दे पर IBA और UFBU की एक हाई लेवल कमेटी का गठन किया जाएगा। यह कमेटी सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और हितधारकों (Stakeholders) के साथ चर्चा कर कोई समाधान निकालेगी, जिससे किसी को भी कोई असुविधा न हो। कमेटी एक ऐसा हल निकालने की कोशिश करेगी जो बैंक यूनियन और ग्राहक, दोनों को स्वीकार्य हों।
- PLI स्कीम में बदलाव: स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए PLI (प्रदर्शन से जुड़ी प्रोत्साहन) स्कीम को लेकर यूनियनों और एसोसिएशनों की आपत्तियों और सुझावों के मद्देनजर इसमें बदलाव का प्रस्ताव सरकार को भेजे जाने पर IBA के साथ चर्चा शुरू की जाएगी।
- अन्य मुद्दे: 8 मार्च 2024 की बैठक के कार्यवृत्त (Minutes) में दर्ज बाकी मुद्दों के समाधान के लिए भी दोनों पक्षों के बीच बातचीत होगी।
Must Read: India-US Trade Deal: ‘90% काम पूरा, बस कुछ मुद्दे बाकी’, US Official ने दिया बड़ा अपडेट
हड़ताल क्यों टली?
इन सभी फैसलों को देखते हुए यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस (UFBU) ने प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल के कार्यक्रमों को टालने पर सहमति जताई, जिसके बाद बैंकों की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल टल गई है। इससे बैंक कर्मचारियों और आम ग्राहकों, दोनों को राहत मिली है। ग्राहक अब बिना किसी परेशानी के बैंक की सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।