हरारे | ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में एक अनोखा रिकॉर्ड बन गया। जिम्बाब्वे के अनुभवी बल्लेबाज क्रेग इरविन (Craig Ervine) ने बल्ले से अर्धशतकीय पारी खेलकर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। 41 वर्षीय इरविन ने अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर मोहम्मद नबी (Mohammad Nabi) का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब (Harare Sports Club) में खेले गए इस मुकाबले में मिडल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने उतरे इरविन ने संयम दिखाते हुए टीम के स्कोर को सूझबूझ के साथ आगे बढ़ाया।
क्या बनाया रिकॉर्ड?
इरविन ने 79 गेंदों पर 59 रनों की अहम पारी खेली। इस अर्धशतक के साथ ही वह फुल-मेंबर देशों में वनडे क्रिकेट में 50 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। उन्होंने यह कारनामा 41 साल और 32 दिन की उम्र में किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड मोहम्मद नबी के नाम था, जिन्होंने 40 साल और 286 दिन की उम्र में वनडे अर्धशतक जड़ा था। यह इरविन का इस सीरीज में दूसरा और वनडे करियर का 25वां अर्धशतक है।
इरविन के दम पर जिम्बाब्वे ने बनाए 271 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत ठीक-ठाक रही। ओपनर ब्रायन बेनेट ने 30 रन बनाए, जबकि इनोसेंट काइया ने भी बेहतरीन 55 रनों का योगदान दिया। इसके बाद क्रेग इरविन (59) और स्टार ऑलराउंडर सिकंदर रजा (Sikandar Raza) ने मोर्चा संभाला। रज़ा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 81 रन कूटे, जिसकी बदौलत जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 272 रनों का सम्मानजनक लक्ष्य रखा।
Must Read: ‘मुझे गालियां दीं, पीछा किया, बाइक रोकी…’ Gurugram की Siya के बाद Bhopal की Lady Biker की कहानी
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की बात करें तो तेज गेंदबाज नाथन एलिस (Nathan Ellis) सबसे सफल बॉलर रहे, जिन्होंने 3 शिकार किए। उनके अलावा एडम जम्पा (Adam Zampa) और स्पेंसर जॉनसन (Spencer Johnson) को 2-2 सफलताएं मिलीं। ऑस्ट्रेलिया की टीम शुरुआती दोनों वनडे जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त पहले ही बना चुकी है।