प्रयागराज | माफिया डॉन और पूर्व सांसद अतीक अहमद के परिवार पर पिछले ढाई-तीन सालों में मौत का ऐसा कहर टूटा है कि उनका कुनबा लगभग बिखर गया है। एक के बाद एक सदस्य की मौत, कुछ जेल में और कुछ फरार – इस परिवार की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं है। आइए जानते हैं पूरी टाइमलाइन और परिवार की वर्तमान स्थिति।
24 फरवरी 2023: उमेश पाल हत्याकांड से शुरू हुआ सिलसिला
प्रयागराज में बसपा विधायक रहे राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनरों की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड का आरोप अतीक अहमद और उसके गैंग पर लगा। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ ने आरोपियों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया, जिसने अतीक के पूरे आपराधिक नेटवर्क को झकझोर कर रख दिया।
27 फरवरी 2023: पहला झटका, करीबी अरबाज की मुठभेड़ में मौत
उमेश पाल हत्याकांड के महज तीन दिन बाद, आरोपी अरबाज की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, अरबाज ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में उसे मार गिराया गया। वह अतीक के परिवार का बहुत करीबी था।
Must Read: अरविंद केजरीवाल ने Meta से पूछा- मेरा अकाउंट क्यों है रिस्ट्रिक्टेड? बोले- खराब सेवा
6 मार्च 2023: एक और करीबी विजय चौधरी की मौत
इसी सिलसिले में एक और आरोपी विजय चौधरी उर्फ उस्मान की भी पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस का दावा था कि उसी ने उमेश पाल पर पहली गोली चलाई थी।
13 अप्रैल 2023: बड़ा झटका, बेटा असद अहमद एनकाउंटर में मारा गया
करीब 50 दिनों तक फरार रहने के बाद अतीक का तीसरा बेटा असद अहमद और उसका साथी गुलाम उत्तर प्रदेश एसटीएफ की मुठभेड़ में मारे गए। असद पर उमेश पाल हत्याकांड का मुख्य आरोपी होने का आरोप था और उस पर पांच लाख रुपये का इनाम भी था। इस एनकाउंटर ने पूरे मामले को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना दिया।
15 अप्रैल 2023: सबसे सनसनीखेज वारदात, अतीक और अशरफ की हत्या
असद के एनकाउंटर के दो दिन बाद, 15 अप्रैल 2023 की रात प्रयागराज में सबसे सनसनीखेज वारदात हुई। पुलिस अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जा रही थी। तभी पत्रकार बनकर घुसे तीन हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई और पूरी घटना कैमरों में कैद हो गई। तीनों हमलावरों को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
अब आबान की सड़क हादसे में मौत
अतीक के परिवार पर मौत का सिलसिला यहीं नहीं रुका। हाल ही में उसके बेटे आबान की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया गया कि हादसे के समय वह जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। साल 2023 में आबान और उसका भाई एहजम नाबालिग थे और उन्हें बाल संरक्षण गृह में रखा गया था। अक्टूबर 2023 में दोनों रिहा हुए थे।
अब कौन बचा है अतीक के परिवार में?
- शाइस्ता परवीन (पत्नी): उमेश पाल हत्याकांड में वांछित, लंबे समय से फरार हैं।
- उमर अहमद (बड़ा बेटा): लखनऊ जेल में न्यायिक हिरासत में बंद हैं।
- अली अहमद (बेटा): नैनी सेंट्रल जेल में बंद हैं।
- असद अहमद (बेटा): 13 अप्रैल 2023 को एनकाउंटर में मारे गए।
- आबान (बेटा): हाल ही में सड़क हादसे में मारे गए।
- एहजम (सबसे छोटा बेटा): अक्टूबर 2023 में बाल गृह से रिहा, अब बुआ के साथ रह रहे हैं।
इन घटनाओं ने अतीक अहमद के परिवार को लगभग पूरी तरह बिखेर दिया है।