नई दिल्ली | भारतीय स्टार्टअप्स इन दिनों दुनिया भर में अपनी पहचान बना रहे हैं। ऐसा ही एक नाम है Rapido के सह-संस्थापक और CEO अरविंद सांका। 35 वर्षीय इस युवा उद्यमी ने अपनी टीम के साथ मिलकर एक ऐसा ऐप बनाया, जिसने Uber और Ola जैसी दिग्गज कंपनियों को भारत में कड़ी टक्कर दी है। हाल ही में कंपनी ने नई फंडिंग जुटाई है, जिसके बाद Rapido की वैल्यू करीब 3 अरब डॉलर (लगभग 24,000 करोड़ रुपये) पहुंच गई है और अरविंद सांका भारत के सबसे युवा अरबपतियों की सूची में शामिल हो गए हैं।
क्या है Rapido की कहानी?
Rapido की शुरुआत साल 2015 में हुई थी, जब अरविंद सांका ने अपने दो साथियों – पवन गुंटुपल्ली और एस. आर. ऋषिकेश – के साथ मिलकर इसकी नींव रखी। उस समय भारत में कैब सर्विस पर Uber और Ola का दबदबा था। ऐसे में नई कंपनी के लिए अपनी जगह बनाना आसान नहीं था। इसलिए Rapido ने एक अलग रणनीति अपनाई। कैब के बजाय, कंपनी ने बाइक टैक्सी पर ध्यान केंद्रित किया। कम किराया और ट्रैफिक में जल्दी पहुंचने की सुविधा ने लोगों को इस सर्विस को अपनाने पर मजबूर कर दिया। बाद में कंपनी ने ऑटो और कैब सर्विस भी शुरू कर दी, जिससे उसकी पहुंच और बढ़ गई।
अरविंद सांका का सफर
अरविंद सांका की पढ़ाई IIT भुवनेश्वर से हुई है, जहाँ से उन्होंने 2008 से 2012 के बीच मैकेनिकल इंजीनियरिंग में B.Tech किया। कॉलेज के दौरान उन्होंने टाटा मोटर्स में इंटर्नशिप भी की, जहाँ उन्हें ऑटो और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का अनुभव मिला। पढ़ाई पूरी करने के बाद, उन्होंने फ्लिपकार्ट जॉइन किया और सप्लाई चेन और लॉजिस्टिक्स टीम में काम किया। फ्लिपकार्ट के बाद, अरविंद ने theKarrier नाम का एक स्टार्टअप शुरू किया, जो शहर के अंदर सामान ढोने वाले छोटे ट्रकों को ग्राहकों से जोड़ने वाला प्लेटफॉर्म था। हालांकि यह मॉडल ज्यादा सफल नहीं हो पाया, लेकिन इसी दौरान टीम को यह समझ आया कि भारत में लोगों के रोजाना के सफर की समस्या कहीं बड़ी है और यहीं से Rapido के आइडिया का जन्म हुआ।
क्या है वैल्यूएशन और निवेश?
Rapido ने हाल ही में 240 मिलियन डॉलर (करीब 2,000 करोड़ रुपये) का निवेश जुटाया है, जिसके बाद कंपनी का मूल्यांकन 3 अरब डॉलर (करीब 24,000 करोड़ रुपये) हो गया है। इस नई फंडिंग के साथ, अरविंद सांका की हिस्सेदारी की कीमत भी इतनी बढ़ गई कि वह कम उम्र में भारत के करोड़पति (डॉलर में) उद्यमियों की लिस्ट में शामिल हो गए। आज Rapido न केवल बाइक टैक्सी, बल्कि ऑटो और कैब सेवाओं में भी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है और लगातार अपने विस्तार की ओर अग्रसर है।