बाहुबली फ्रेंचाइजी के स्टार्स प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी ने हाल ही में इस कहानी का तीसरा पार्ट ‘बाहुबली 3’ को लेकर एक हिंट दिया। लेकिन उससे पहले इस फिल्म सीरीज के क्रिएटर एस.एस. राजामौली पहले ही अनाउंस कर चुके हैं कि उनका बाहुबली यूनिवर्स अब और विस्तार लेने वाला है।
इस यूनिवर्स से राजामौली ने दो पार्ट में बनने वाली एनिमे फिल्म ‘बाहुबली: द एटर्नल वॉर’ की घोषणा की थी। इसका अनाउंसमेंट टीज़र देखकर ही इंडियन सिनेमा फैंस की एक्साइटमेंट बहुत बढ़ गई थी।
क्या होगी फिल्म की कहानी?
‘बाहुबली: द एटर्नल वॉर’ अमरेंद्र बाहुबली की कहानी है, जिसकी आत्मा मरने के बाद एक बड़े उद्देश्य को पूरा करने की यात्रा पर है— देवासुर संग्राम। यानी यह फिल्म बाहुबली के परलोक के सफर को दिखाएगी।
डायरेक्टर ईशान शुक्ला ने बताया कि वह बाहुबली की कहानी को दूसरे लोक में ले जाना चाहते थे, क्योंकि हमारे धर्मग्रंथों में भी धरती के अलावा और लोकों का जिक्र मिलता है।
बाहुबली की सबसे बड़ी ट्रेजेडी
डायरेक्टर ईशान शुक्ला ने बताया कि अमरेंद्र बाहुबली के जीवन की सबसे बड़ी ट्रेजेडी क्या है— उसे भी नहीं पता कि कटप्पा ने उसे क्यों मारा!
ईशान ने कहा, ‘यह इसलिए दुखद है क्योंकि बाहुबली को कभी पता नहीं चलेगा कि अगर वह मरता नहीं, तो उसके साथ क्या होता। प्राचीन भारत में ऐसी कई कहानियां हैं जब लोग राजा बनने से ठीक पहले मर गए और उन्हें पता भी नहीं चला कि क्यों।’
एनिमे का आइडिया कैसे आया?
स्क्रीन के साथ एक बातचीत में ईशान ने बताया कि 2024 में वह अपनी एनिमे फिल्म के साथ फिल्म फेस्टिवल्स में जा रहे थे, जहां उन्हें बाहुबली के प्रोड्यूसर शोबू येरलागडा मिले। उन्होंने बताया कि वह बाहुबली को एनिमेटेड फॉर्म में आगे ले जाना चाहते हैं।
ईशान ने कहा, ‘मैंने लंबे समय तक इसके बारे में सोचा, एक कहानी लिखी और उन्हें यह कॉन्सेप्ट पिच किया कि अमरेंद्र बाहुबली के साथ उसकी मृत्यु के बाद क्या होता है। उन्हें आइडिया पसंद आया तो वह हमें राजामौली के पास ले गए और फिर हमने मिलकर काम शुरू किया।’
राजामौली की प्रेरणा
ईशान ने बताया कि राजामौली की तरह वह भी ‘अमर चित्र कथा’ के बहुत बड़े फैन हैं। वहीं से उन्हें आइडिया आया कि अगर कहानी अमरेंद्र बाहुबली के धरती पर मरने के बाद, दूसरे लोक में जाने की हो, तो एनिमे इसके लिए बेस्ट रहेगा।
उन्होंने कहा कि अपने फैसलों और अपनी इमेज के कारण अमरेंद्र बाहुबली, उसके बेटे महेंद्र बाहुबली से ज्यादा पसंद है। ‘मुझे लगता है कि वह भगवान राम के किरदार जैसा था, बहुत पवित्र।’
2027 में रिलीज होगा पहला पार्ट
ईशान ने बताया कि वह ‘बाहुबली: द एटर्नल वॉर’ का प्री-प्रोडक्शन पूरा कर चुके हैं, लेकिन एनिमेशन में बहुत समय लगने वाला है।
फिलहाल वह 2027 में ‘बाहुबली: द एटर्नल वॉर’ का पहला पार्ट रिलीज करने का टारगेट लेकर चल रहे हैं। फैंस को इसके लिए अभी कुछ साल इंतजार करना होगा।