टीवी एक्ट्रेस सना मकबूल ने बिग बॉस ओटीटी 3 जीता था। विनर बनने के बाद उन्होंने बहुत काम किया, लेकिन कुछ महीनों बाद वह गायब हो गईं। सना के लाइमलाइट से दूर जाने की वजह उनके हेल्थ इश्यूज हैं। सना ने कहा कि वह अपने काम से पहचान बनाना चाहती हैं। उन्हें रैंडम क्लिक होना या लाइमलाइट में आना पसंद नहीं है। एक्ट्रेस ने अपनी खराब सेहत और करियर पर पड़े असर को लेकर खुलकर बात की है।
फिल्मीज्ञान के साथ बातचीत में सना ने बताया कि उन्हें लिवर सिरोसिस है। उन्होंने कहा कि कई लोगों को लगता है कि वह शराब पीती हैं, इसलिए उन्हें यह बीमारी हुई है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। सना ने साफ किया कि वह ड्रिंक नहीं करतीं। वह सिरोसिस के शुरुआती स्टेज पर थीं और खुद को ठीक करने के लिए उन्हें काम से ब्रेक लेना पड़ा। उन्होंने बताया कि बिग बॉस ओटीटी से फेम मिलने के बाद छह महीने तक उन्होंने दिन-रात काम किया। तभी अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उनकी बॉडी को हिंट मिल रहे थे, लेकिन वह इग्नोर करती चली गईं क्योंकि उन्हें बहुत काम करना था, घर लेना था और परिवार के लिए कुछ करना था।
सना ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि उनके पेट में पानी भरा हुआ था और लिवर की बायोप्सी हुई, तब उनकी कंडीशन काफी खराब थी। उन्हें कहा गया था कि अगर छह महीने में सुधार नहीं आया तो ट्रांसप्लांट कराना पड़ेगा। एक्ट्रेस ने दुख जताते हुए कहा कि जब उनका वक्त था, तब वह कुछ नहीं कर पाईं। लोग कहते हैं कि वह गायब हो गई, लेकिन वह नहीं जानते कि उन पर क्या बीत रही है और किन हेल्थ इश्यूज से वह जूझ रही हैं। उन्होंने कहा कि तबीयत को देखते हुए उन्होंने हेल्थ पर फोकस किया और वह हील हुईं, लेकिन वह खुद को कोसती हैं कि उनका सही समय बीमारी की वजह से निकल गया।
सना ने यह भी बताया कि वह ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में पार्टिसिपेट करने वाली थीं, लेकिन हेल्थ इश्यूज की वजह से यह शो नहीं कर पाईं। सारी फॉर्मैलिटी होने के बाद उन्हें शो करने के लिए मना करना पड़ा। गौरतलब है कि सना मकबूल टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं। वह ‘बिग बॉस ओटीटी 3’ की विनर रही हैं और ‘खतरों के खिलाड़ी 11’ भी कर चुकी हैं। उन्होंने ‘इस प्यार को क्या नाम दूं?’ और ‘विष’ जैसे टीवी शोज में भी काम किया है। बिग बॉस के बाद सना कई म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुकी हैं।