हरियाणा की फेमस सेलेब्रिटी सपना चौधरी आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। उनके शोज के फैंस दीवाने रहते हैं और कई बार भीड़ इतनी बेकाबू हो जाती है कि लोग उनकी गाड़ी के पीछे भागने लगते हैं। लेकिन एक्ट्रेस ने हाल ही में एक बेहद दिलचस्प खुलासा किया है। सपना चौधरी ने बताया कि वह जेल में कैदियों के लिए भी शो कर चुकी हैं।
सपना चौधरी ने फिल्मीज्ञान के साथ बातचीत में यह खुलासा किया। उन्होंने बताया कि यह घटना काफी समय पहले की है, शायद भिवानी की जेल थी। जेल अधिकारी ने उन्हें बुलाया था। सपना ने बताया कि जेल के अंदर कैदी काम करते हैं और वे अपनी मेहनत की मजदूरी से पैसा इकट्ठा करते हैं। फिर कैदियों से पूछा जाता है कि वे किस आर्टिस्ट को बुलाना चाहते हैं। जेल के अंदर भी एनुअल डे जैसे कई दिन सेलिब्रेट किए जाते हैं, और इन अवसरों पर सारे कैदी अपना पैसा इकट्ठा करके आर्टिस्ट्स को भुगतान करते हैं, जिसके बाद वहां परफॉर्मेंस होती है। सपना ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अकेली नहीं हैं, बल्कि बहुत सारे आर्टिस्ट्स जेल के अंदर जाकर परफॉर्म करते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने 2015-16 के आसपास वहां डांस किया था।
सपना ने अपने शुरुआती संघर्ष के दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि 9वीं क्लास में ही उन्होंने काम करना शुरू कर दिया था और 10वीं क्लास में वह रीजनल लेवल पर फेमस हो गई थीं। हालांकि, उन्हें पूरे देश में पहचान बिग बॉस शो से मिली। सपना ने बताया कि उन्होंने मजबूरी में बचपन में काम करना शुरू किया था और वह कभी आर्टिस्ट नहीं बनना चाहती थीं। उनका मानना है कि अगर वह आर्टिस्ट नहीं होतीं तो जिंदगी में कुछ और बेहतर कर रही होतीं। सपना ने कहा कि सफलता कभी उनके सिर पर नहीं चढ़ेगी क्योंकि वह बचपन से काम कर रही हैं और जिंदगी के हर पड़ाव और संघर्ष को देख चुकी हैं। भगवान ने उन्हें धीरे-धीरे सफलता दिलाई है, इसलिए वह हर मौके पर ग्राउंडेड रहती हैं।
अपने रिटायरमेंट प्लान्स के बारे में पूछे जाने पर सपना ने साफ कहा कि उन्होंने कभी रिटायरमेंट के बारे में नहीं सोचा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें यह सोचकर बहुत अच्छा लगता है कि अगर पब्लिक ऐसे ही प्यार देती रही, तो जब उनके दांत टूट जाएंगे और बाल सफेद हो जाएंगे, तब भी कुछ बूढ़े लोग उन्हें देखने आएंगे और वह उनके लिए जरूर डांस करेंगी।