90 के दशक में सुपरस्टार रहे गोविंदा (Govinda) आज अचानक कहीं खो से गए हैं। उनके सितारे गर्दिश में चल रहे हैं। पिछले 6 साल में गोविंदा की एक भी फिल्म थिएटर में नहीं लगी है। बीते कुछ समय से वह छोटे-मोटे इवेंट्स में नाचते देखे गए, जिससे उनके फैंस काफी निराश हैं। इसके अलावा उनके अफेयर और तलाक की अफवाहों ने भी उन्हें घेर रखा है। अब गोविंदा ने इन सभी मुद्दों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
‘इस लाइन में किसका नाम बेदाग है?’
सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में गोविंदा ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर बात की। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में किसी पर दाग लगाना बेहद आम बात है और यहां कोई भी बेदाग नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, “इस लाइन में किसका नाम बेदाग है? पागल हो क्या? जिसका नाम बिल्कुल साफ-सुथरा हो, वो तो सबसे खतरनाक इंसान होता है।”
अमिताभ और राजेश खन्ना का दिया उदाहरण
गोविंदा ने आगे कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में हर किसी को किसी न किसी समय बदनाम होना पड़ता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “देखो लेजेंडरी अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) को, वो फिल्म इंडस्ट्री में परफेक्ट एक्टर थे, लेकिन 14-15 साल गायब रहे। क्या वो शूट पर टाइम पर नहीं पहुंचते थे? राजेश खन्ना (Rajesh Khanna) को देखो। करियर के बीच में ही एक पूरा ग्रुप बोलने लगा कि ये अच्छा नहीं, ये गलत है। ये एक फेज है जो गुजरना पड़ता है। इससे कैसे बाहर निकलते हो, यही खेल है।”
आमिर खान का भी जिक्र
गोविंदा ने यह भी कहा कि आमिर खान (Aamir Khan) का भी नाम खराब किया गया, लेकिन जब उन्हें ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ कहा जाने लगा तो सबकुछ बदल गया। एक्टर का मानना है कि यह सब क्वालिटी की वजह से होता है, लेकिन कभी-कभी बातें हद से ज्यादा बढ़ जाती हैं।
सलमान के साथ आ रहे हैं फिल्म में?
वर्क फ्रंट की बात करें तो कहा जा रहा है कि गोविंदा जल्द ही सलमान खान (Salman Khan) के साथ एक फिल्म में नजर आएंगे। कुछ महीनों पहले सलमान ने खुद इस प्रोजेक्ट की घोषणा की थी, हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वह फिल्म कौन सी है।