बिग बॉस 17 (Bigg Boss 17) से पहचान बनाने वाले यूट्यूबर अनुराग डोभाल उर्फ UK07 Rider (Anurag Dobhal) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने करीब दो घंटे का एक इमोशनल वीडियो शेयर किया, जिसे उन्होंने अपना ‘लास्ट व्लॉग’ (Last Vlog) बताया। इस वीडियो में उन्होंने अपनी शादी, परिवार से बिगड़ते रिश्तों और मानसिक हालात पर खुलकर बात की। वीडियो के वायरल होने के बाद अब उनके भाई कलाम इंक (Kalam Ink) ने भी सामने आकर कई बड़े दावे किए हैं, जिससे विवाद और गहरा गया है।
परिवार पर लगाए थे टॉर्चर के आरोप
अनुराग के आरोपों के बाद उनके भाई कलाम इंक ने इंस्टाग्राम स्टोरी और वीडियो के जरिए जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अनुराग एकतरफा कहानी दिखा रहे हैं और सारे सबूत उनके ब्रॉडकास्ट चैनल पर मौजूद हैं। उन्होंने फैंस से अपील की कि वे बिना पूरी सच्चाई जाने इस विवाद में न पड़ें।
पत्नी को पीटने का गंभीर आरोप
कलाम इंक ने सबसे बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि अनुराग ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट (assaulting his wife) की थी। उनका दावा है कि इस बात के स्क्रीनशॉट भी शेयर किए गए हैं, जिनमें कथित तौर पर मारपीट की बात सामने आई है। इस दावे के बाद मामला और गरमा गया है, हालांकि अनुराग की ओर से अभी कोई सफाई नहीं आई है।
फर्जी केस का भी जिक्र
कलाम ने यह भी कहा कि अनुराग पहले भी परिवार के खिलाफ कानूनी केस कर चुके हैं, जिसे वह कानूनी तौर पर हार गए थे। उनके मुताबिक, केस हारने के बाद अब परिवार पर टॉर्चर के आरोप लगाकर सहानुभूति लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिवार की छवि खराब करने के लिए फर्जी केस (fake case) किया गया है।
सोशल मीडिया पर बंटे लोग
पूरा मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स दो हिस्सों में बंट गए हैं। कुछ लोग अनुराग के समर्थन में हैं, तो कुछ उनके भाई की बात को सही बता रहे हैं। फिलहाल अनुराग की पत्नी की तरफ से कोई सार्वजनिक बयान नहीं आया है। विवाद लगातार बढ़ रहा है और लोग अगली अपडेट का इंतजार कर रहे हैं।