साउथ के जाने-माने एक्टर और तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) पार्टी के प्रमुख थलपति विजय (Thalapathy Vijay) पिछले कुछ दिनों से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। उनकी पत्नी संगीता (Sangeeta) ने हाल ही में कोर्ट में उनसे तलाक (divorce) लेने की अर्जी दाखिल की है। इसके बाद विजय को एक्ट्रेस तृषा कृष्णन (Trisha Krishnan) के साथ एक वेडिंग रिसेप्शन में शामिल होते देखा गया, जिससे उनके अफेयर (affair) की चर्चाओं को एक और बढ़ावा मिला।
तलाक की अर्जी में क्या लगाए आरोप?
एजेंसी को मिले कोर्ट दस्तावेजों के मुताबिक, संगीता ने 2026 की शुरुआत में चेंगलपट्टू जिला कोर्ट (Chengalpattu district court) में तलाक की याचिका दाखिल की। उन्होंने अपनी शादी को भंग करने और अंतरिम आवासीय अधिकारों (interim residential rights) की मांग की है। संगीता ने याचिका में कहा है कि वह ब्रिटिश नागरिक (British citizen) हैं और भारत में उनका कोई अन्य निवास नहीं है, इसलिए उन्हें चेन्नई के कैसुरिना ड्राइव स्थित वैवाहिक घर में रहने की अनुमति दी जाए। याचिका में संगीता ने विजय पर व्यभिचार (adultery) का आरोप लगाया है और दावा किया है कि उनका एक महिला एक्ट्रेस के साथ ‘यौन संबंध’ (sexual affair) है।
तृषा संग रिसेप्शन में पहुंचे थे विजय
5 मार्च को विजय प्रोड्यूसर कल्पति सुरेश के बेटे के वेडिंग रिसेप्शन में एक्ट्रेस तृषा के साथ शामिल हुए थे। दोनों ने साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं और एक ही समय पर वेन्यू से निकले। तृषा और विजय का रिश्ता सालों से सुर्खियों में रहा है। दोनों ने ‘घिल्ली’ (Ghilli) और ‘लियो’ (Leo) जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया है और एक पॉपुलर ऑन-स्क्रीन जोड़ी रहे हैं।
पर्सनल लाइफ पर बोले विजय
इन सब विवादों के बीच विजय ने 7 मार्च को मामल्लापुरम (Mamallapuram) में टीवीके के अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह (International Women’s Day event) में भाग लिया। अपने भाषण के दौरान उन्होंने अपनी पर्सनल जिंदगी से जुड़ी समस्याओं का जिक्र किया और फैंस से अपील की कि वे इससे आहत न हों।
विजय ने कहा, “हाल ही में कुछ समस्याएं हुई हैं। मैं देख रहा हूं कि आप इसके लिए लड़ते हुए आहत हो रहे हैं। आप लोगों के आहत होने से मुझे भी दुख हो रहा है। मैं इन समस्याओं का ख्याल रखूंगा। आहत मत होना (Don’t be hurt) । कोई चिंता की बात नहीं है।”
विजय की राजनीतिक पारी और फिल्में
बता दें कि विजय ने हाल ही में अपनी राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की शुरुआत की है और 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव (Tamil Nadu assembly elections) लड़ने का इरादा जताया है। साथ ही उन्होंने एक्टिंग से संन्यास (retirement from acting) लेने का ऐलान किया था। उनकी आखिरी फिल्म ‘जन नायगन’ (Jan Nayagan) को जनवरी में रिलीज से कुछ दिन पहले टाल दिया गया था, जो अभी तक रिलीज नहीं हुई है।