मध्य प्रदेश के शिवपुरी (Shivpuri) जिले के रन्नौद (Rannod) कस्बे में एक आंगनबाड़ी सहायिका (anganwadi worker) से कथित दुष्कर्म (alleged rape) की घटना के बाद हालात अचानक हिंसक हो गए। पीड़िता के भाई द्वारा आरोपी युवक के घर पर हमला करने के दौरान उसकी मां की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर पीड़िता के भाई सहित तीन लोगों को आरोपी बनाया है, जबकि दुष्कर्म के आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
अस्पताल से लौटते समय हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार (13 मार्च) की है। रन्नौद थाना प्रभारी अरविंद चौहान (Arvind Chauhan) ने बताया कि पीड़िता आंगनबाड़ी सहायिका अस्पताल से वापस अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला इंदर गुर्जर (Inder Gurjar) उसे घर छोड़ने की बात कहकर अपनी बाइक पर बैठा लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी उसे गांव से दूर एक सुनसान जगह, नदी किनारे ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़िता ने भाइयों को दी जानकारी
पुलिस के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने मोबाइल फोन से अपने भाइयों को पूरी बात बताई। सूचना मिलते ही उसके भाई रन्नौद थाने पहुंच गए। इसी बीच पीड़िता का एक भाई अपने दो साथियों के साथ आरोपी इंदर गुर्जर के घर पहुंच गया। वहां पहुंचकर उन्होंने आरोपी को घर से बाहर निकालकर मारपीट शुरू कर दी।
बेटे को बचाने आई मां, हमले में मौत
पुलिस के अनुसार, मारपीट के दौरान आरोपी की मां सिरकुंवरबाई गुर्जर (Sirkuvarbai Gurjar, 60) अपने बेटे को बचाने के लिए बीच में आ गईं। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में पीड़िता के भाई ने नुकीले हथियार (sharp weapon) से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में सिरकुंवरबाई गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, तनाव जारी
घटना की प्रत्यक्षदर्शी मृतका की बहू रेनू गुर्जर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी इंदर गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हत्या के आरोप में पीड़िता के भाई और उसके दो साथियों की तलाश जारी है। घटना के बाद रन्नौद कस्बे और आसपास के इलाके में तनाव (tension) का माहौल बना हुआ है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल (additional police force) तैनात कर दिया गया है