मिस इंडिया अर्थ 2019 (Miss India Earth 2019) की विजेता सायली सुर्वे (Sayali Surve) ने अपनी शादी में सालों के दर्द और दुर्व्यवहार के बारे में खुलकर बात की है। मीडिया से भावुक होकर बात करते हुए सायली ने बताया कि प्यार से शुरू हुआ रिश्ता धीरे-धीरे उनके और उनके बच्चों के लिए असहनीय बन गया।
2017 में आतिफ तासे से की थी शादी
सायली सुर्वे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उन्होंने 2017 में एक कॉमन फ्रेंड के जरिए आतिफ तासे (Atif Tase) से मुलाकात के बाद शादी की थी। यह लव मैरिज थी, लेकिन उनके परिवार ने इस रिश्ते का जबरदस्त विरोध किया था। परिवार की चिंताओं के बावजूद उन्होंने शादी का फैसला किया, जिस पर अब उन्हें पछतावा है।
निकाह से पहले करना पड़ा था धर्म परिवर्तन
सायली के अनुसार, निकाह की रस्म के लिए उन्हें शादी से पहले अपना धर्म परिवर्तन (religious conversion) करना पड़ा था। उस समय को याद करते हुए उन्होंने कहा, “मुझे कन्वर्शन करना पड़ा, क्योंकि निकाह करना जरूरी था और कन्वर्ट होना भी जरूरी था। पहले प्रक्रिया हुई, उसके बाद मैं वहीं रहती गई। जब आप 24 घंटे एक इंसान के साथ रहते हो, तो आपको उसकी आदतें समझ आती हैं और उसके बैकग्राउंड का भी अंदाजा होता है।”
’24 घंटे गालियां सुनती थी, मारपीट होती थी’
सायली ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उन्हें लगातार मौखिक दुर्व्यवहार (verbal abuse) और शारीरिक हिंसा (physical violence) का सामना करना पड़ा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “जब आपको 24 घंटे गालियों के अलावा कुछ सुनने को नहीं मिलता, और बिना किसी गलती के मारपीट होती है, तो जो चीजें आपके लिए पहले नॉर्मल नहीं होतीं, वो धीरे-धीरे नॉर्मलाइज हो जाती हैं।”
सुर्वे ने कहा कि वह लंबे समय तक इस शादी में इस उम्मीद में रहीं कि चीजें बदल जाएंगी। उन्होंने बच्चों के बारे में सोचा और परिवार टूटने नहीं देना चाहा। लेकिन जैसे-जैसे बच्चे बड़े हुए, वे उस माहौल को लेकर चिंतित हो गईं, जिसमें बच्चे पल रहे थे। यही चिंता आखिरकार उन्हें घर छोड़ने के लिए मजबूर कर गई।
‘मेरे साथ हुआ लव जिहाद’
स्थिति को ‘लव जिहाद’ (Love Jihad) का मामला बताते हुए सायली सुर्वे ने कहा, “बिल्कुल लव जिहाद का मामला है। कई लोग मना करते हैं और बोलते हैं कि जब मैंने खुद ये किया था, तो आज क्या बोलना। जब मैंने ये डिसीजन लिया था, तब इतनी समझ नहीं थी। मैं भरोसे में, उन्हें एक अच्छा इंसान समझकर गई थी। ये सारी चीजें इस धर्म में जरूर होती हैं।”
बच्चों के नाम बदले, खुद को ‘आद्या सुर्वे’ किया
शादी तोड़ने के बाद सायली सुर्वे ने कहा कि उन्होंने वापस हिंदू धर्म में कन्वर्ट कर लिया है और अपना नाम बदलकर आद्या सुर्वे (Adya Surve) कर लिया है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने बच्चों के नाम भी बदल दिए हैं ताकि उन्हें पता हो कि वे किस धर्म से हैं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने कई FIR दर्ज कराई हैं और जल्द ही अपना बयान दर्ज करवाएंगी। पुलिस ने उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया है।