ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध अब धीरे-धीरे दूसरे देशों तक भी फैलता नजर आ रहा है। बुधवार, 4 मार्च 2026 को ईरान ने तुर्की (Turkey) को निशाना बनाते हुए एक बैलिस्टिक मिसाइल (Ballistic Missile) दागी है। हालांकि, तुर्की ने समय रहते उस मिसाइल को हवा में ही नष्ट कर दिया। यह जानकारी खुद तुर्की के रक्षा मंत्रालय (Turkish Defence Ministry) ने दी है।
मिसाइल ने इराक और सीरिया का हवाई क्षेत्र किया पार
तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले को लेकर एक आधिकारिक बयान जारी किया है। बयान में कहा गया है कि ईरान से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल इराकी (Iraq) और सीरियाई (Syrian) हवाई क्षेत्र को पार करती हुई तुर्की की ओर बढ़ रही थी। इसे पूर्वी भूमध्य सागर में तैनात नाटो (NATO) के वायु और मिसाइल रक्षा बलों ने समय रहते निष्क्रिय कर दिया।
हाटे प्रांत में गिरा गोला-बारूद, कोई हताहत नहीं
मंत्रालय ने बताया कि हाटे प्रांत (Hatay Province) के डोर्त्योल (Dörtyol) जिले में जो गोला-बारूद गिरा, वह वायु रक्षा गोला-बारूद का हिस्सा था, जिसने हवा में ही खतरे को रोका। इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
तुर्की ने दी चेतावनी, क्षेत्रीय शांति की अपील
तुर्की ने साफ किया है कि वह अपने देश और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सक्षम है। बयान में कहा गया, “हमारा संकल्प और क्षमता सर्वोच्च स्तर पर है। हम अपने क्षेत्र और हवाई क्षेत्र की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम दृढ़तापूर्वक उठाएंगे।” तुर्की ने सभी पक्षों से क्षेत्र में संघर्ष को बढ़ाने वाले कार्यों से बचने की अपील की है और कहा है कि वह नाटो और अपने अन्य सहयोगियों के साथ परामर्श जारी रखेगा।