मुंबई | तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार नागार्जुन के छोटे बेटे और अभिनेता नागा चैतन्य के भाई अखिल अक्किनेनी ने अपनी हालिया फिल्म ‘लेनिन’ से शानदार कमबैक किया है। सिनेमाघरों में दर्शकों का दिल जीतने के बाद, अब यह फिल्म ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसकी स्ट्रीमिंग डेट और प्लेटफॉर्म का ऐलान हो चुका है, जिससे फिल्म के फैंस में उत्साह है।
कब और कहां रिलीज होगी ‘लेनिन’?
अखिल अक्किनेनी और भाग्यश्री बोरसे की यह एक्शन-ड्रामा फिल्म थिएटर्स में रिलीज होने के एक महीने से भी कम समय में ओटीटी पर आ रही है। फिल्म 7 अगस्त 2026 को ZEE5 (तेलुगु) पर स्ट्रीम होगी। तेलुगु ZEE5 ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से यह ऐलान करते हुए लिखा, “दहाड़ शुरू होती है। प्यार, बदले और क्रांति की कहानी आपकी स्क्रीन पर आने के लिए तैयार है। #Lenin का प्रीमियर 7 अगस्त को, सिर्फ़ तेलुगु Zee5 पर होगा।”
फिल्म के बारे में
‘लेनिन’ अखिल अक्किनेनी के करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक बन गई है। मुरली किशोर अब्बुरु के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अखिल एक ग्रामीण और जमीन से जुड़े हुए युवक के किरदार में हैं। उनके अपोजिट भाग्यश्री बोरसे हैं। फिल्म में शिवाजी, प्रमोद पंजू, ईश्वरी राव, सुनील, रामकी और ब्रह्माजी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।
बॉक्स ऑफिस पर कमाल
‘लेनिन’ 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जिसका मुकाबला अजय देवगन और रितेश देशमुख की कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ से था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद, फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया और 22 दिनों में वर्ल्डवाइड 66 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया। इसके अलावा, ओटीटी, सैटेलाइट और म्यूजिक राइट्स अच्छी कीमत पर बेचकर लेनिन ने अपना बजट भी वसूल कर लिया है और फिल्म को बड़ी हिट घोषित किया जा चुका है।