भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) जल्द ही बीमा क्षेत्र में कई अहम सुधार करने जा रहा है। इन बदलावों का सीधा और सकारात्मक असर आम आदमी पर पड़ेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नए नियमों से बीमा प्रीमियम (Insurance Premium) में कमी आ सकती है, वहीं एजेंटों का कमीशन (Agent Commission) भी घट सकता है। ये बदलाव अगले 4 से 6 महीनों में देखने को मिल सकते हैं।
कमीशन पर लग सकती है लगाम
बीमा कंपनियों ने वित्त वर्ष 2025 में अकेले कमीशन के रूप में करीब 1 लाख करोड़ रुपये (Rs 1 Lakh Crore) वितरित किए थे। यह राशि सीधे ग्राहकों की जेब से प्रीमियम के रूप में ली गई थी। IRDAI इस भारी-भरकम कमीशन संरचना पर सख्ती बरत सकता है, जिससे ग्राहकों पर वित्तीय बोझ कम होगा।
प्रीमियम घटने की उम्मीद, क्योंकि खर्च पर लगाम लगेगी
रिपोर्ट्स के अनुसार, बीमा कंपनियां वर्तमान में प्रीमियम का करीब 30 फीसदी हिस्सा वितरण (Distribution) और प्रशासनिक खर्चों (Administrative Expenses) पर खर्च कर रही हैं। इसमें से 17 से 18 फीसदी राशि सीधे बैंकों, एनबीएफसी और एजेंटों के पास जाती है। यही एक मुख्य कारण है कि हेल्थ इंश्योरेंस (Health Insurance) जैसे बीमा के प्रीमियम लगातार बढ़ रहे हैं। IRDAI इस खर्च पर अंकुश लगाने की तैयारी में है, जिससे प्रीमियम में कमी आ सकती है।
कंपनियों को बताना होगा पूरा सच
ग्राहकों के हितों की रक्षा के लिए IRDAI बीमा कंपनियों पर और सख्ती बरत रहा है। जल्द ही कंपनियों को अपने प्रोडक्ट्स, रिटर्न और क्लेम सेटलमेंट रेश्यो (Claim Settlement Ratio) के बारे में पूरी और स्पष्ट जानकारी देना अनिवार्य होगा। इससे ग्राहक सही बीमा योजना का चुनाव कर पाएंगे और किसी तरह की गलत जानकारी से बच सकेंगे।
क्या होता है प्रीमियम?
सीधे शब्दों में समझें तो बीमा कंपनी अपनी सेवा के बदले ग्राहक से जो शुल्क लेती है, उसे ही प्रीमियम (Premium) कहा जाता है। यह राशि हर महीने, तिमाही या सालाना आधार पर दी जाती है। अलग-अलग बीमा योजनाओं के प्रीमियम अलग-अलग होते हैं।